ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 31 मई। राष्ट्रीय कवि चौपाल की 570वीं श्रृंखला हिंदी पत्रकारिता दिवस के 200 वर्ष पूर्ण होने तथा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर "व्यसन मुक्त जीवन" विषय को समर्पित रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार अली परिहार ने की, जबकि मुख्य अतिथि डॉ. हरिदास हर्ष रहे। विशिष्ट अतिथियों में रवि पुरोहित, अजीज भुट्टा, प्रकाश सामसुखा, दिलीप गुप्ता एवं मनोज व्यास सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
![]() |
| हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, राष्ट्रीय कवि चौपाल की 570वीं कड़ी संपन्न |
कार्यक्रम संयोजक रामेश्वर साधक ने ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज में सत्य, जागरूकता और विकास का मार्ग प्रशस्त करती है।
राष्ट्रीय कवि चौपाल सरस्वती प्रांगण में वरिष्ठ पत्रकार अजीज भुट्टा, प्रकाश सामसुखा, दिलीप गुप्ता एवं मनोज व्यास का शॉल, श्रीफल एवं रत्नजड़ित मोतियों की माला पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष सरदार अली परिहार ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर सभी सम्मानित पत्रकारों को बधाई दी।
मुख्य अतिथि डॉ. हरिदास हर्ष ने अपने काव्य पाठ में कहा, "वासुदेव तुम्हारे बिना पार्थ कुछ भी नहीं कर सकता, संसारी उत्तरदायित्व में वह मर भी नहीं सकता।" वहीं रवि पुरोहित ने जीवन के संघर्षों और आशंकाओं को अभिव्यक्त करती अपनी रचना प्रस्तुत की।
रामेश्वर साधक ने राष्ट्रीय कवि चौपाल के 12वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर राजस्थानी भाषा और साहित्य की महान विभूतियों के सम्मान हेतु सुझाव आमंत्रित किए तथा 573वीं श्रृंखला से एक वर्ष तक प्रति सप्ताह ‘कालजयी’, ‘दिग्विजयी’ एवं ‘अनंतविजयी’ सम्मान प्रदान किए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम में कुल 20 साहित्यकारों ने काव्य पाठ किया। इनमें प्रमोद शर्मा, कासिम बीकानेरी, विजय कोचर, कैलाश टाक, शिव दाधीच, बमचकरी, मेहराजुद्दीन, राधाकिशन सोनी एवं पवन चड्ढा प्रमुख रहे।
इस अवसर पर एकता सारण, सरोज गुप्ता, जयश्री तंवर, एडवोकेट उमा शर्मा, धर्मेंद्र राठौड़, सिराजुद्दीन भुट्टा, बाबूलाल सोनी, घनश्याम सोलंकी, किशनलाल, छोटू खां, भवानी सिंह शिवबाड़ी, साकिर पत्रकार, विनोद शर्मा, निशांत शर्मा, लक्ष्मण दास एवं देवेंद्र कुमार सहित अनेक साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिव दाधीच बीकानेरी एवं बमचकरी भाई ने अपने चुटीले अंदाज में किया।

