ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। डॉ. सिद्धराज स्मृति शोध संस्थान के तत्वावधान में साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों के सम्मान में आयोजित समारोह शनिवार को नत्थूसर बास स्थित स्वामी निवास में आयोजित हुआ।
![]() |
| डॉ. सिद्धराज स्मृति शोध संस्थान का साहित्यकार-पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित |
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार, कवि एवं कथाकार राजेन्द्र जोशी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरि शंकर आचार्य तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गीतकार राजाराम स्वर्णकार उपस्थित रहे।
अध्यक्ष राजेन्द्र जोशी ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है और ऐसे आयोजनों से रचनाकारों को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने संस्थान के प्रयासों को सराहते हुए इसे साहित्य सेवा की सशक्त पहल बताया। उन्होंने कहा दोनों विभूतियों का सम्मान संस्था का अपना सम्मान है। उन्होंने डॉ. सिद्धराज व्यास के व्यक्तित्व-कृतित्व को अनुकरणीय बताया।
मुख्य अतिथि डॉ. हरि शंकर आचार्य ने कहा कि पत्रकारिता और साहित्य समाज को दिशा देने वाले महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह सृजनशीलता को प्रोत्साहित करते हैं और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि रचनात्मक अभिव्यक्ति समाज में जागरूकता लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने साहित्यकारों और पत्रकारों के योगदान को अतुलनीय बताया।
संस्थान की निदेशक डॉ. शीला व्यास ने बताया कि संस्थान पत्रकार एवं साहित्यकार सम्मान के साथ कन्याओं के विवाह के लिए सहयोग जैसे सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रम में डॉ. शंकरलाल स्वामी एवं संपादक डॉ. अजय जोशी को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक अवदान एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान पत्र एवं नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. फारूक चौहान ने डॉ. सिद्धराज व्यास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. किशन लाल बिश्नोई ने डॉ. शंकरलाल स्वामी तथा डॉ. नरसिंह बिन्नाणी ने डॉ. अजय जोशी के व्यक्तित्व का परिचय प्रस्तुत किया।
सम्मानित दोनों विभूतियों ने अपनी बात रखते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाने वाला है तथा वे भविष्य में भी समाज और साहित्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेंगे।
वक्ताओं ने डॉ. सिद्धराज व्यास के व्यक्तित्व को अनुकरणीय बताते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण किया तथा संस्थान की गतिविधियों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रेम नारायण व्यास ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. एस.एन. हर्ष, डॉ. बसंती हर्ष, जेठमल व्यास, गोविंद जोशी, संजय श्रीमाली, चित्रकार योगेंद्र पुरोहित, गिरिराज पारीक, जुगल किशोर पुरोहित, हरि किशन व्यास, वैद्य विद्यासागर पंचारिया, रमेश व्यास, अनुष्का, गीतू व्यास सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

