क्षत्रिय सभा ने मनाई वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 429वीं पुण्यतिथि

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग द्वारा आज वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की 429वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराणा प्रताप के अद्वितीय देशभक्ति भाव, त्याग, मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण एवं अनुपम युद्ध कौशल को स्मरण किया गया।

क्षत्रिय सभा ने मनाई वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 429वीं पुण्यतिथि
क्षत्रिय सभा ने मनाई वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 429वीं पुण्यतिथि


कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और बलिदान की जीवंत मिसाल है। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने परिवार सहित जंगलों में भूखे-प्यासे रहकर भी संघर्ष किया, किंतु कभी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया।
उन्होंने महाराणा प्रताप की वीरता को इन पंक्तियों के माध्यम से स्मरण किया—
"हूं लड़्यो घणो, हूं सहयो घणो,
मेवाड़ी मान बचावण ने।
मैं पाछै नहीं राखी रण में,
बेरियां रो खून बहावण ने।"

सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ सदस्य भंवर सिंह उदट ने महाराणा प्रताप को सच्चा देशभक्त, मातृभूमि का लाडला एवं युद्ध कौशल में निपुण महान योद्धा बताते हुए उनकी रण नीति और संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर क्षत्रिय सभा के अमर सिंह हाडला, रणवीर सिंह नोखड़ा, गिरधारी सिंह खिंदासर, तेजू सिंह मेलिया, जितेंद्र सिंह राजियासर, ओंकार सिंह मोरखाना, गंगा सिंह परिहार, संदीप सिंह, नरेंद्र सिंह आबडसर, कुलदीप सिंह, करणी कन्या छात्रावास की छात्राएं, राजपूत हॉस्टल के छात्र तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने सभा में उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

— प्रदीप सिंह चौहान
प्रवक्ता, क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.