भारत विकास परिषद मीरा शाखा द्वारा राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, 13 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद की मीरा शाखा द्वारा कृषि महाविद्यालय परिसर में “सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं जागरूकता” विषय पर एक प्रेरणादायी एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना तथा सुरक्षित भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।

भारत विकास परिषद मीरा शाखा द्वारा राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
भारत विकास परिषद मीरा शाखा द्वारा राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


उत्तर प्रांत की प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीप्ति बहल ने अपने सारगर्भित व्याख्यान में सर्वाइकल कैंसर के कारण, प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय, एचपीवी (HPV) टीकाकरण तथा नियमित पैप स्मीयर जांच के महत्व को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है, जो कम आयु में लगाए जाने पर भविष्य में इस गंभीर रोग के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता, समय पर जांच और टीकाकरण ही महिलाओं के स्वास्थ्य का सुरक्षा कवच हैं।

कृषि विश्वविद्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य विज्ञान की अधिष्ठाता डॉ. वीर एवं प्रशासनिक प्रभारी डॉ. ममता की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। दोनों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को समय की आवश्यकता बताते हुए परिषद के प्रयासों की सराहना की।

मीरा शाखा अध्यक्ष अर्चना सक्सेना ने कहा कि सही समय पर सही जानकारी मिलना ही सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। प्रांतीय महिला संयोजिका छवि गुप्ता ने युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया, ताकि स्वस्थ एवं सुरक्षित भारत का निर्माण हो सके।

कार्यक्रम में हेमा सिंह दाधीच, सुसेन भाटिया, डॉ. आशु मलिक सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने परिषद के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं स्वास्थ्य उन्मुख कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.