क्षत्रिय सभा करेगी “राजपूत शिक्षा सहयोग निधि” का गठन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। शिक्षा से ही समाज का सर्वांगीण उत्थान संभव है। बीकानेर के क्षत्रिय समाज के प्रबुद्धजनों के आग्रह पर जोधपुर रेंज के शिक्षा कोष का शुभारंभ अब बीकानेर में किया जाएगा, जिससे यहां के प्रतिभावान एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को भी सीधा लाभ मिल सकेगा।

क्षत्रिय सभा करेगी “राजपूत शिक्षा सहयोग निधि” का गठन
क्षत्रिय सभा करेगी “राजपूत शिक्षा सहयोग निधि” का गठन


इस पुनीत कार्य की पूर्व तैयारी के तहत आयोजित गोष्ठी में जोधपुर से पधारे नारायण सिंह भाटी माणकलाव ने समाज को संबोधित करते हुए बताया कि राजपूत शिक्षा कोष विगत 8 वर्षों से जरूरतमंद एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहा है। वर्ष दर वर्ष इसकी मांग और अपेक्षा निरंतर बढ़ रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में शिक्षा कोष के पास लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की एफडी है, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 7 लाख रुपये ब्याज प्राप्त होता है, जबकि छात्रवृत्ति के रूप में लगभग 16 लाख रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है। शेष राशि की पूर्ति समाज से प्राप्त डोनेशन के माध्यम से की जा रही है।

समाज की बढ़ती आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की स्थायी पूर्ति हेतु यह निर्णय लिया गया कि नियमित एवं व्यवस्थित रूप से धन संग्रह के लिए “राजपूत शिक्षा सहयोग निधि” का गठन किया जाए तथा शिक्षा कोष को अन्य शहरों में भी विस्तार दिया जाए।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पधारे डॉ. बहादुर सिंह राठौड़ (आईपीएस) ने अपने उद्बोधन में “शिक्षा नेग” जैसे अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सशक्त आधार केवल शिक्षा का प्रसार है। जरूरतमंद एवं मेधावी छात्रों का अध्ययन आर्थिक कारणों से बाधित न हो, इस उद्देश्य से वर्ष 2017 से यह कोष सतत प्रयासरत है।

उन्होंने समाज के प्रत्येक सक्षम परिवार से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से शिक्षा सहयोग में योगदान देकर इस पुनीत अभियान को मजबूत करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें और समाज शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.