ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। जिले की प्रतिभा ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पिथरासर निवासी छात्र सुनील ने जिला स्तरीय सतत विकास एवं ग्रीन ग्रोथ कौशल अभियान क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
![]() |
| जिला स्तरीय ग्रीन ग्रोथ प्रतियोगिता में पिथरासर के सुनील ने किया प्रथम स्थान प्राप्त |
यह प्रतियोगिता माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर के तत्वावधान में राजकीय गंगा बाल विद्यालय, बीकानेर में आयोजित की गई, जिसमें जिले भर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच सुनील ने अपनी श्रेष्ठ बौद्धिक क्षमता और विषय की गहरी समझ के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक शिक्षा सुनीता चावला एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) किशन दान चारण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सुनील को ₹11,000 (ग्यारह हजार रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता में सफलता के बाद जब सुनील अपने गांव पिथरासर लौटे तो शाला परिवार एवं ग्रामीणों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्था प्रधान श्रीमती समीता गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब सुनील को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
सुनील की इस उपलब्धि से विद्यालय, गांव एवं समूचे क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।

