ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। दिव्यांग सेवा संस्थान में We Are Foundation के सहयोग से 26 जनवरी गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, आत्मविश्वास और ऊर्जा से सभी का दिल जीत लिया।
![]() |
| दिव्यांग सेवा संस्थान में We Are Foundation के सहयोग से गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया |
इस अवसर पर We Are Foundation की फाउंडर डायरेक्टर एवं चेयरमैन अर्चना सक्सेना गोयल ने सभी बच्चों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी से कम नहीं हैं, उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान We Are Foundation की को-डायरेक्टर अलका पारीक ने बच्चों को लड्डुओं का वितरण किया। साथ ही संस्था में बच्चों द्वारा स्वयं बनाए गए उत्पादों को We Are Foundation ने खरीदा, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम की सबसे खास प्रस्तुति मुंह-बधिर (श्रवण बाधित) बच्चों की रही। बिना किसी गीत की आवाज सुने, केवल ताल और निरंतर अभ्यास के माध्यम से बच्चों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी इस भावनात्मक और प्रेरणादायक प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी भी बाधा की मोहताज नहीं होती।
इस अवसर पर गणतंत्र दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ, जिसने देश को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाया। यह दिन हमें हमारे अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है तथा देश की एकता और अखंडता को सशक्त करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में अलका पारीक और मोनिका शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। दोनों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के संकल्प और बच्चों की मुस्कान के साथ हुआ, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि सच्चे अर्थों में गणतंत्र और आज़ादी तभी सार्थक हैं, जब समाज के हर वर्ग को समान अवसर मिले।

