बीकानेर में सड़क सुरक्षा माह के तहत अनूठा जागरूकता अभियान, यमराज बने के.के. आहूजा ने दिया जीवनरक्षक संदेश

ट्रिपल एस ओ न्यूज बीकानेर। सड़क सुरक्षा माह जनवरी–2026 के अंतर्गत आज हल्दीराम पियाऊ के पास विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) अनिल पंड्या, जिला परिवहन अधिकारी (DTO) भारती नैथानी, जय नारायण पुनिया एवं ट्रैफिक सर्किल इंस्पेक्टर नरेश निर्वाण के सहयोग से संपन्न हुआ।

बीकानेर में सड़क सुरक्षा माह के तहत अनूठा जागरूकता अभियान, यमराज बने के.के. आहूजा ने दिया जीवनरक्षक संदेश
बीकानेर में सड़क सुरक्षा माह के तहत अनूठा जागरूकता अभियान, यमराज बने के.के. आहूजा ने दिया जीवनरक्षक संदेश

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को मौके पर हेलमेट पहनाए गए, वहीं हेलमेट पहनकर यातायात नियमों की पालना करने वाले वाहन चालकों को अधिकारियों द्वारा गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आमजन में हेलमेट के महत्व को लेकर सकारात्मक संदेश देना तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा समिति सदस्य राजेश मुन्झाल, परिवहन निरीक्षक करनाराम चौधरी, समाज सेविका राजकुमारी, सहायक प्रोग्रामर ज्योति स्वामी एवं दशहरा समिति के सदस्य सुनीत झांब भी उपस्थित रहे। अभियान को सफल बनाने में आरटीओ स्टाफ एवं यातायात पुलिस की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।

अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा रथ के माध्यम से ऑडियो संदेश प्रसारित कर राहगीरों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। वहीं वरिष्ठ रंगकर्मी एवं पत्रकार के.के. आहूजा ने यमराज के वेश में अनूठे और प्रभावशाली अंदाज़ में लोगों को जागरूक किया। यमराज के रूप में उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को प्रतीकात्मक रूप से रोककर ‘यमदूत दर्शन’ का संदेश दिया और समझाया कि हेलमेट नहीं पहनना जीवन के लिए कितना घातक हो सकता है।

आज इसी सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में यमराज के रूप में बने के.के. आहूजा के संजीव, सशक्त एवं उत्कर्ष अभिनय ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके प्रभावी अभिनय की आरटीओ अनिल पंड्या, डीटीओ भारती नैथानी एवं यातायात प्रभारी नरेश निर्वाण ने खुले मंच से प्रशंसा करते हुए इसे जन-जागरूकता के लिए अत्यंत प्रभावी माध्यम बताया।

इसी क्रम में आरटीओ अनिल पंड्या द्वारा आमजन को ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ भी बनाया गया, जिससे वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी प्रेरित कर सकें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने का संकल्प लिया।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों की पालना कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.