करुणा क्लब इकाई एवं स्काउट-गाइड द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस दो चरणों में उत्साहपूर्वक मनाया गया विद्यार्थियों ने अभय कमांड सेंटर, ट्रैफिक पुलिस थाना एवं साइबर सेल विभाग की कार्यप्रणाली को निकट से समझा

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। करुणा क्लब इकाई एवं स्काउट-गाइड सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन दो चरणों में अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता एवं स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात कर युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा प्रदान करना रहा।

करुणा क्लब इकाई एवं स्काउट-गाइड द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस दो चरणों में उत्साहपूर्वक मनाया गया विद्यार्थियों ने अभय कमांड सेंटर, ट्रैफिक पुलिस थाना एवं साइबर सेल विभाग की कार्यप्रणाली को निकट से समझा
करुणा क्लब इकाई एवं स्काउट-गाइड द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस दो चरणों में उत्साहपूर्वक मनाया गया विद्यार्थियों ने अभय कमांड सेंटर, ट्रैफिक पुलिस थाना एवं साइबर सेल विभाग की कार्यप्रणाली को निकट से समझा


कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयोजित विचार गोष्ठी की अध्यक्षता कब मास्टर रमेश कुमार मोदी ने की। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “राष्ट्रीय युवा दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए जागृत करने का अवसर है। हमारे देश की सबसे बड़ी पूंजी हमारे युवा हैं। स्वामी विवेकानंद जी का यह दृढ़ विश्वास था कि यदि युवा आत्मविश्वासी, शिक्षित, चरित्रवान और जागरूक होंगे, तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।”
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय भारत सरकार द्वारा वर्ष 1985 में लिया गया, ताकि उनके विचारों से युवा पीढ़ी प्रेरणा प्राप्त कर सके।

द्वितीय चरण में करुणा क्लब एवं स्काउट-गाइड की पूरी टीम के 29 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत ट्रैफिक पुलिस थाना, साइबर सेल विभाग एवं अभय कमांड सेंटर का दौरा किया। ट्रैफिक पुलिस थाना में श्री कृष्ण कुमार (एचएम) एवं शिव कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, दुर्घटनाओं से बचाव तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

साइबर सेल विभाग में प्रोग्रामर साइबर सेल बीकानेर एवं साइबर पुलिस स्टेशन बीकानेर के एएसआई ओम जी मुंड ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड एवं साइबर बुलिंग आदि के बारे में जागरूक किया तथा उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संदेश भी दिया।

अभय कमांड सेंटर में विद्यार्थियों को संपूर्ण बीकानेर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों, ट्रैफिक नियंत्रण प्रणाली एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता की व्यवस्था की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने यह जानकर विशेष उत्सुकता दिखाई कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।

इस अवसर पर शाला प्रधान हनुमान छींपा ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन एवं आदर्श वाक्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए”, “आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है”, “सेवा ही सच्चा धर्म है” जैसे विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।

युवा करुणा क्लब प्रभारी सौरभ बजाज ने राष्ट्रीय युवा दिवस के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। साथ ही युवाओं को शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना, नशा, हिंसा एवं गलत आदतों से दूर रहने का संदेश देना तथा समाज व प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।

कब मास्टर रमेश कुमार मोदी ने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर “मैं एक अच्छा नागरिक कैसे बनूँ” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुल 67 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचारों को अभिव्यक्त करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम का सफल संचालन करुणा प्रभारी सौरभ बजाज द्वारा किया गया। अंत में सभी अतिथियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.