ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। परम पूज्य 14वें दलाई लामा जेत्सुन जम्पेल न्गवांग लोबसांग येशे तेनज़िन ग्यात्सो ने हाल ही में 6 जुलाई 2025 को अपना 90वां जन्मदिवस मनाया। इस पावन अवसर पर भारत–तिब्बत सहयोग मंच के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री माननीय पंकज गोयल जी की प्रेरणा से मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता देशभर में स्थानीय स्तर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं।
![]() |
| दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस पर भारत–तिब्बत सहयोग मंच का अभियान, बीकानेर में कुलगुरु का सम्मान |
इसी क्रम में भारत–तिब्बत सहयोग मंच की बीकानेर स्थानीय इकाई द्वारा जिलाध्यक्ष दिलीप पुरी के नेतृत्व में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर मनोज दीक्षित का शाल, साफा एवं श्रीफल भेंट कर तथा माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर मंच के राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र कामदार के निर्देशानुसार मंच की राष्ट्रीय पदाधिकारी सुधा आचार्य ने कुलगुरु प्रो. मनोज दीक्षित को भारत–तिब्बत सहयोग मंच की रीति-नीति एवं उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मंच के पदाधिकारियों द्वारा बीकानेर स्थित कोडमदेसर भैरवनाथ मंदिर के सरोवर से पवित्र जल एवं रज (मिट्टी) लेकर पूर्वोत्तर भारत में भारत-तिब्बत सीमा पर स्थापित “चीन पछाड़ भैरव” के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
सुधा आचार्य ने कुलगुरु मनोज दीक्षित से यह आग्रह किया कि महाविद्यालय से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक अधिक से अधिक लोग मंच के मूल उद्देश्यों—“कैलाश मानसरोवर की मुक्ति” एवं “तिब्बत की आज़ादी भारत की सुरक्षा”—से भली-भांति परिचित हो सकें, इसके लिए सार्थक प्रयासों में सहयोग प्रदान करें।
कुलगुरु प्रोफेसर मनोज दीक्षित ने सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए कहा कि कैलाश मानसरोवर को चीन के आधिपत्य से मुक्त कराना हम सभी का नैतिक दायित्व है। प्रत्येक भारतवासी को इसके लिए सशक्त प्रयास करने चाहिए। उन्होंने स्वदेशी अपनाने पर बल देते हुए कहा कि चीन के उत्पादों का विरोध कर हम अपने लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में शीघ्र सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिलीप पुरी ने कुलगुरु प्रो. मनोज दीक्षित द्वारा विश्वविद्यालय स्तर पर किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “यह बीकानेर का सौभाग्य है कि आप जैसे ज्ञानवान और राष्ट्रभक्त हमारे विश्वविद्यालय का नेतृत्व कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में मंच के स्थानीय जिला महामंत्री नृसिंह जी सेवग, भगवती प्रसाद गौड़, युवा विभाग के जिलाध्यक्ष मुकेश बन एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य गायत्री जी भी उपस्थित रहीं।

