ट्रिपल एस ओ न्यूज, नागौर। दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा पर सकारात्मक प्रहार करते हुए गांव रातगां, तहसील जायल, जिला नागौर निवासी श्री मोतीसिंह हाड़ा के सुपुत्र श्री बलवीर सिंह ने अपने विवाह समारोह में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
![]() |
| वर पक्ष ने दहेज राशि ससम्मान लौटाकर दिया सामाजिक सुधार का संदेश |
तिलकनगर निवासी सुश्री संजू कंवर का विवाह दिनांक 30 नवंबर 2025 को धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। विवाह के दौरान वधु पक्ष द्वारा वर पक्ष को दिए गए ₹5 लाख की दहेज राशि को दूल्हे बलवीर सिंह ने परिवार की सहमति से ससम्मान वधु पक्ष को वापस लौटा दिया।
दूल्हे द्वारा लिया गया यह निर्णय सभी उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना। वधु पक्ष के मामा—श्री बजरंग सिंह, राजेन्द्र सिंह, मदन सिंह, मनोहर सिंह एवं शंकर सिंह—ने इस पहल पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम समाज में दहेज मुक्त विवाह की सोच को मजबूत करेगा। उन्होंने दूल्हे बलवीर सिंह और उनके समस्त परिवार का हृदय से आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर दोनों परिवारों ने इसे एक सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उपस्थित जनों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय समाज में जागरूकता, समानता और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
वर पक्ष द्वारा दहेज राशि लौटाकर दिया गया यह आदर्श संदेश आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरक सिद्ध होगा।

