भारत की बेरोजगारी की असली वजह – प्रो. अरुण कुमार ने खोला बड़ा राज़
बीकानेर। ट्रिपल एस ओ न्यूज। बीकानेरप्रौढ़ शिक्षण समिति द्वारा आयोजित डाॅ. छगन मोहता स्मृति व्याख्यान माला में प्रख्यात अर्थशास्त्री एवं विचारक प्रो.अरुण कुमार ने कहा कि भारत में बढ़ती बेरोजगारी का मूल कारण असंगठित क्षेत्रों का कमजोर होना है। उन्होंने बताया कि देश में महिलाओं और शिक्षित युवाओं में बेरोजगारी सबसे अधिक है और आर्थिक नीतियां केवल संगठित क्षेत्रों पर केंद्रित होने से असंगठित वर्ग पिछड़ता जा रहा है।
प्रो. कुमार ने चेताया कि बढ़ता तकनीकीवाद मानवीय श्रम और सृजन को खत्म कर रहा है, जिससे आर्थिक असमानता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि *वर्कर को लीविंग वेज देना ही आर्थिक संतुलन का वास्तविक समाधान है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कवि एवं चिंतक डाॅ. नंदकिशोर आचार्य ने कहा कि तकनीक हमारी इन्द्रियों का विस्तार तो है, परंतु उसका अति-उपयोग समाज के मानवीय भविष्य के लिए खतरनाक है। उन्होंने गांधी और लोहिया के अहिंसक अर्थव्यवस्था के विचारों को पुनः अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डाॅ. ओम कुवेरा ने की और संचालन डाॅ. ब्रजरतन जोशी ने किया। आभार एडवोकेट गिरीराज मोहता ने व्यक्त किया।



