ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 3 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने गुरुवार को बीकानेर दौरे के दौरान आगामी निकाय चुनाव को लेकर भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र महज चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि बीकानेर को विकसित, स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने का रोडमैप है। संकल्प पत्र में समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं और सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
![]() |
| भाजपा का संकल्प पत्र जारी, विकसित और सुविधायुक्त बीकानेर का संकल्प |
भाजपा के संकल्प पत्र में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, महिलाओं के लिए 2 हजार शौचालय, खिलाड़ियों के लिए इंडोर स्टेडियम, प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण और सड़कों को एलईडी लाइटों से रोशन करने सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों का संकल्प लिया गया है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने का लक्ष्य भी शामिल किया गया है।
हरीश द्विवेदी ने बताया कि संकल्प पत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र स्थापित करने, पशुओं के लिए सेंटल हाउस, लव-कुश वाटिका के तहत पार्कों का विकास तथा बिजली के तारों को भूमिगत करने जैसे कार्यों को भी शामिल किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सुगम जीवन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर पार्टी निकाय चुनाव में जनता के बीच जा रही है। भाजपा युवाओं को केवल राजनीतिक लाभ के लिए आगे नहीं बढ़ाती, बल्कि उनके मुद्दों और समस्याओं को लगातार सुनकर उनके समाधान की दिशा में काम करती है।
हरीश द्विवेदी ने दावा किया कि राजस्थान के सभी दस नगर निगमों में भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि निकायों में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और शहरों में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, पूर्व गृह मंत्री महाराष्ट्र कृपा शंकर सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास, पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, आईटी सेल प्रभारी अविनाश जोशी, पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, प्रभारी महावीर सैनी, मीडिया संयोजक कमल गहलोत और मनीष सोनी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

