आंगन मिलन सेवा समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 25 सितंबर। विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ के प्रथम चरण में शुक्रवार को बीकानेर शहर के छह स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा महिला एवं बाल विकास, पोषण तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान एवं उत्साहवर्धन करना रहा।

आंगन मिलन सेवा समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान
आंगन मिलन सेवा समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान


सीडीपीओ बीकानेर शहर श्रीमती राजेश कंवर ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 6, गणेश टेंट वाली गली; रामदेव जी मंदिर, खटीकों की मस्जिद के पास; जलेवल स्कूल, त्यागी वाटिका; सेठ शेरमल फतेहचंद डागा स्कूल, गंगाशहर; एम.एम. ग्राउंड के पास सामुदायिक भवन, वाल्मीकि बस्ती तथा नरसिंह जी मंदिर, श्याम अग्रवाल हॉस्पिटल के पीछे, जस्सूसर गेट के पास आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, समाज के गणमान्य नागरिकों, महिला मोर्चा की सदस्यों एवं समाजसेवियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का फूल-माला पहनाकर सम्मान किया। सभी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गमले एवं प्रधानमंत्री का संदेश पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही उपस्थित आमजन, लाभार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पोषण सेवाओं तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विभिन्न केंद्रों पर गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा महिलाओं एवं लाभार्थियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से भी महिलाओं एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को स्थानीय स्तर पर महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके समर्पण और जिम्मेदारी की सराहना एवं सम्मान से उनका मनोबल बढ़ता है तथा उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

अतिथियों में समाजसेवी श्रीमती मिताली, अनु सुथार, आशा आचार्य, नोमान ख़ान, यशी शर्मा, राजश्री कच्छावा, पार्षद संदीप गहलोत, रिटायर प्रोफ़ेसर डॉ प्रभा, तारा सोनी, उमा शर्मा, कविता शर्मा सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया तथा पौधे वितरित किए गए। सभी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान को सम्मानित किया गया।इस दौरान महिला पर्यवेक्षक कल्पना स्वामी, मंजुला पड़िहार, मंजू खड़गावत, रुखसाना व अनुराधा भी उपस्थित रही।

उल्लेखनीय है कि ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जा रहा है। समारोह के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ विभागीय योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.