ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। महात्मा गांधी जयंती के पावन अवसर पर दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन (DSF) की ओर से आगामी 2 अक्टूबर को भव्य पत्रकार एवं मीडिया सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह गरिमामय समारोह गंगाशहर स्थित टी.एम. ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें पत्रकारिता, समाचार पत्र, न्यूज चैनल, डिजिटल मीडिया, स्पोर्ट्स मीडिया, सोशल मीडिया, ब्लॉगिंग एवं कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में सक्रिय व उत्कृष्ट कार्य कर रहे प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।
![]() |
| गांधी जयंती पर मीडिया जगत का होगा सम्मान, गंगाशहर टी.एम. ऑडिटोरियम में सजेगा सम्मान समारोह |
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर एवं निदेशक निशा लिम्बा ने संयुक्त रूप से बताया कि समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सम्मान समारोह के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा सम्मानित होने वाले प्रतिनिधियों के नाम भी लगभग तय हो चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मीडिया संस्थान से प्रतिनिधि का चयन कर उसे सम्मान प्रदान किया जाएगा और चयनित प्रतिनिधियों को संबंधित संस्थान द्वारा अधिकृत नाम के आधार पर ही आमंत्रित किया जा रहा है।
पुलिस सर्किल ऑफिसर का होगा विशेष नागरिक सम्मान समारोह में निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ-साथ उत्कृष्ट जनसेवा को भी सराहा जाएगा। इसके तहत बीकानेर पुलिस के सर्किल ऑफिसर को उनके उल्लेखनीय कार्यों एवं सकारात्मक सामाजिक योगदान के लिए मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
‘मिशन प्ले टू प्रोफेशन—खेल से करियर तक’ का होगा आधिकारिक शुभारंभ इस अवसर पर दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन अपने महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन प्ले टू प्रोफेशन—खेल से करियर तक” की भी आधिकारिक शुरुआत करेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश भर के युवाओं और उदीयमान खिलाड़ियों को खेल क्षेत्र में मौजूद असीम संभावनाओं, रोजगार के अवसरों और खेल को एक सफल प्रोफेशन बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना है।
फाउंडेशन की प्रबंध टीम ने बताया कि यह आयोजन समाज के सजग प्रहरी मीडिया जगत के सकारात्मक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और खेल प्रतिभाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा देने का एक साझा प्रयास है।

