ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को खेल, फिटनेस, मानसिक सक्रियता, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता से जोड़ना रहा।
![]() |
| बच्चों की प्रतिभा, फिटनेस और मतदान जागरूकता का संदेश बना डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब |
कार्यक्रम की शुरुआत रनिंग एवं व्यायाम से हुई। रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी के जिम्नास्ट प्रांशुल ने रनिंग की कमान संभाली। इसके बाद बच्चों के लिए जुम्बा डांस, पंजाबी भांगड़ा और घूमर जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों की फिटनेस, कोऑर्डिनेशन, माइंड शार्पनेस और आंतरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल गतिविधियां करवाई गईं। बॉलून प्रतियोगिता बच्चों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
मतदान जागरूकता का भी दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान मतदान जागरूकता अभियान भी चलाया गया। बच्चों और अभिभावकों को अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने और प्रत्येक पात्र मतदाता से शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की गई।
प्रशासन की टीम से दीपक जोशी एवं गोपाल जोशी ने बच्चों और अभिभावकों को मतदान के महत्व की जानकारी दी तथा मतदान की शपथ दिलाई। बच्चों ने भी अपने छोटे-छोटे संदेशों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया।
खेल के साथ फिटनेस और अनुशासन पर जोर
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने कहा कि डीएसएफ का उद्देश्य बच्चों को केवल खेल तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें फिटनेस, मानसिक मजबूती, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज के यही बच्चे आने वाले समय में देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
कार्यक्रम में डीएसएफ टीम के हिताशा, रुद्राक्ष, विष्णु और निकोलस ने बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियां करवाईं। डीएसएफ की सबसे छोटी टीम सदस्य छह माह की कियारा भी अपने माता-पिता के साथ कार्यक्रम में पहुंचीं। कियारा के माता-पिता ने डीएसएफ की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में अपनी बेटी को संस्था की गतिविधियों से जोड़ने की इच्छा जताई।
नन्हे जिम्नास्टों ने बटोरी तालियां
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों और अभिभावकों ने भाग लिया। रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी की ओर से बच्चों ने जिम्नास्टिक की प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर उपस्थित लोगों ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने भी डीएसएफ टीम से मुलाकात की और संस्था की फिटनेस पहल की सराहना की। उन्होंने टीम को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बीकानेर में उन्हें लोगों से बहुत प्रेम मिला है और बच्चों को फिटनेस एवं खेल की दिशा में आगे बढ़ाने की डीएसएफ की पहल सराहनीय है। उनके साथ बीकानेर से मनीषा जोधा भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में डीएसएफ के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, प्रशासनिक टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन का संकल्प है कि डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब के माध्यम से प्रत्येक रविवार बच्चों और युवाओं को खेल, फिटनेस, संस्कार, अनुशासन एवं सही दिशा से जोड़ते हुए उन्हें “खेल से करियर तक” आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया जाए।

