गंगाशहर के चौपड़ाबाड़ी में 6.02 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की जिला कलक्टर से शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। गंगाशहर क्षेत्र में चौपड़ाबाड़ी से सुजानदेसर जाने वाले मार्ग पर स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे और अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है। इस संबंध में चौपड़ाबाड़ी क्षेत्र के निवासियों ने जन अभाव अभियोग निराकरण समिति (जिला कलक्टर) को ज्ञापन सौंपकर तुरंत अतिक्रमण हटाने और संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

गंगाशहर के चौपड़ाबाड़ी में 6.02 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की जिला कलक्टर से शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग
गंगाशहर के चौपड़ाबाड़ी में 6.02 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग की जिला कलक्टर से शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग


ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने बताया कि गंगाशहर पटवार हल्का के अंतर्गत शरह स्वरूपदेसर के खसरा संख्या 21, 22, 24, 25 (यूआईटी भूमि) और किसमीदेसर के खसरा संख्या 1096/28, 129, 130 (सिवाय चक भूमि) में कुल 6.02 हेक्टेयर भूमि स्थित है। यह भूमि पूर्व में संपतलाल पुत्र धूराराम को ईंट भट्टा संचालन के लिए लीज पर आवंटित की गई थी। संपतलाल के निधन के बाद नियमानुसार यह लीज स्वतः समाप्त हो चुकी है और वर्तमान में यह पूर्णतः सरकारी भूमि है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि भू-माफियाओं द्वारा इस पुराने ईंट भट्टा क्षेत्र की सरकारी भूमि पर न केवल अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है, बल्कि जमीन को समतल कर नियम विरुद्ध तरीके से आवासीय व व्यावसायिक प्लॉट काटकर बेचे जा रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर तुरंत पैमाइश करवाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया जाए और सरकारी संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्र के बाबूलाल जाट, कैलाश खुड़िया, बाबूलाल कुमावत, महावीर भाटी, ओंकार भाटी और संतोष यादव सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.