बीकानेर के दो महाविद्यालयों में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत युवा संवाद एवं पंजीकरण कार्यशालाएं आयोजित

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 16 सितम्बर। विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से चल रहे विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग -2027 अभियान के तहत बुधवार को बेसिक पीजी कॉलेज तथा महारानी सुदर्शना कन्या महाविद्यालय में युवा संवाद एवं माय भारत पोर्टल पंजीकरण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

बीकानेर के दो महाविद्यालयों में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत युवा संवाद एवं पंजीकरण कार्यशालाएं आयोजित
बीकानेर के दो महाविद्यालयों में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत युवा संवाद एवं पंजीकरण कार्यशालाएं आयोजित


कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की सम्पूर्ण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के जिला सह संयोजक गोपाल जोशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा ही विकसित भारत-2047 की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास ही पहचान बनाते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और शहीद भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेते हुए युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ नेतृत्व करने का आह्वान किया।

जिला टीम के सदस्य हरिहर राजपुरोहित ने माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया, अभियान के विभिन्न चरणों तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने भाई-बहनों, मित्रों और अन्य युवाओं को भी अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।

जिला टीम के सदस्य अक्षय कुमार ने आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित दीपक जोशी ने गुरुजनों के मार्गदर्शन, महापुरुषों के जीवन मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

बेसिक पीजी कॉलेज के प्राचार्य सुरेश पुरोहित तथा महारानी सुदर्शना कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य रजनी रमण झा ने विद्यार्थियों से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रमों में दोनों महाविद्यालयों के प्राध्यापकगण, एनएसएस अधिकारी एवं जिला टीम के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितम्बर निर्धारित है और अभियान का उद्देश्य युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.