ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 25 अगस्त 2026। नगर निगम चुनाव के संदर्भ में क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग की ओर से मंगलवार को संवाद एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम चुनाव में समाज की भूमिका, प्रतिनिधित्व और प्रत्याशियों के चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
![]() |
| नगर निगम चुनाव में समाज के सक्रिय एवं पारदर्शी प्रत्याशियों को मिले प्राथमिकता : क्षत्रिय सभा |
क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल द्वारा सामान्य सीटों पर सामान्य प्रत्याशी को टिकट दिए जाने की स्थिति में समाज को आपसी सहमति से उचित प्रत्याशी का चयन कर उसे विजयी बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को किसी एक राजनीतिक दल विशेष की आवश्यकता नहीं है, बल्कि समाज स्वयं एक पार्टी है। उन्होंने सम्मान एवं प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देने तथा समाज के सक्रिय, योग्य एवं पारदर्शी लोगों को आगे लाने पर जोर दिया।
सिसोदिया ने कहा कि प्रत्याशियों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा को समाप्त कर सर्वसम्मति से ऐसे प्रत्याशी का चयन किया जाना चाहिए, जो समाज के कार्यों को प्राथमिकता से करने के लिए प्रतिबद्ध हो। उन्होंने नगर निगम चुनाव में अधिक से अधिक युवाओं को प्रत्याशी के रूप में आगे लाने की आवश्यकता भी जताई।
सभा के उपाध्यक्ष जगमाल सिंह पायली ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि जिन सामान्य वार्डों में सामान्य वर्ग की आबादी अधिक है, वहां सामान्य वर्ग के योग्य लोगों को टिकट देकर अपना प्रत्याशी घोषित किया जाए।
संवाद कार्यक्रम में बीकानेर के क्षत्रिय समाज से जुड़े दौलत सिंह राठौड़, नरेंद्र सिंह सयानी, श्याम सिंह जोड़ी, महिपाल सिंह भाटी, राजपाल सिंह भाटी, युवराज सिंह भाटी, अरुण सक्सेना, स्वरूप सिंह एवं कुलदीप सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने राजनीतिक दलों से समाज के अधिक से अधिक योग्य प्रत्याशियों को टिकट देने की सिफारिश की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि संवाद सभा में बीकानेर के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लगभग 400 लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को एकजुट कर आगामी नगर निगम चुनाव में योग्य एवं सक्रिय प्रतिनिधियों को आगे लाने पर विचार-विमर्श करना था।
इस अवसर पर रणवीर सिंह नोखड़ा, जितेंद्र सिंह राजियासर, रुपेंद्र सिंह कक्कू, नरेंद्र सिंह पंवार, विक्रम सिंह हाडला, महावीर सिंह पवार, जालम सिंह भाटी, अमर सिंह भाटी, अमर सिंह हाडला, गिरधारी सिंह खिंदासर, गंगा सिंह परिहार, देवेंद्र सिंह बीका, तेज सिंह मेलिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

