ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 30 अगस्त। खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से आयोजित डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब का दूसरा आयोजन रविवार को उत्साहपूर्वक हुआ। कार्यक्रम में बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
![]() |
| हर रविवार खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, खेल के साथ संस्कार और स्वास्थ्य पर जोर |
कार्यक्रम की शुरुआत जिम्नास्ट डुनिशा की रनिंग कमांड के साथ हुई। इसके बाद रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी के अनिश ने बच्चों को विभिन्न प्रकार के व्यायाम करवाए। खेल के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के रुद्राक्ष ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधि करवाई, जिसमें दुर्गा विजेता रही।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्य विष्णु एवं अभिषेक ने बच्चों के लिए जुंबा डांस और पंजाबी डांस करवाया। बच्चों ने दोनों गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा ने बच्चों से मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और नशे से दूर रहने को लेकर संवाद किया। साथ ही बच्चों की एकाग्रता एवं मानसिक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष गतिविधि भी करवाई गई।
इसके बाद बच्चों की शारीरिक फिटनेस को परखने के लिए एक्सरसाइज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें मनीषा एवं मनप्रीत विजेता रहे। वहीं बच्चों और अभिभावकों के लिए नींबू रेस का आयोजन किया गया। 45 बच्चों के बीच हुई इस प्रतियोगिता में कुसुम विजेता रही।
कार्यक्रम की गतिविधियों को देखकर एक आगंतुक ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए। उन्होंने संस्था के साथ 24 घंटे, सातों दिन सहयोग देने की बात भी कही।
इस अवसर पर रीस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी के कोच धीरज नायक मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों को खेल में अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग एवं कवरेज में चिरता, यश, कानू सिंह एवं निहाल का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की कोषाध्यक्ष कोमल द्वारा बच्चों को पौष्टिक अल्पाहार वितरित किया गया।
फाउंडेशन की टीम ने संकल्प लिया कि आज इन खेल गतिविधियों से जुड़ रहे खिलाड़ियों में से भविष्य में कोई खिलाड़ी 2036 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करे, इसके लिए प्रतिभाओं को लगातार अवसर, मार्गदर्शन और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्था के अनुसार डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब का आयोजन प्रत्येक रविवार जारी रहेगा। इसमें बच्चों को खेल, फिटनेस, अनुशासन, प्रतिभा विकास के साथ-साथ खेल को करियर के रूप में अपनाने की दिशा में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर ने सभी बच्चों, अभिभावकों, कोच, सहयोगियों एवं टीम सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

