बीकानेर में छात्राओं के लिए स्टार्टअप एवं इनोवेशन मोटिवेशन सत्र आयोजित

ट्रिपल एस ओ, बीकानेर। श्री करणी कन्या छात्रावास, बीकानेर में छात्राओं के लिए स्टार्टअप एवं इनोवेशन विषय पर विशेष मोटिवेशन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग के प्रवक्ता श्री प्रदीप सिंह चौहान एवं छात्रावास अधीक्षक डॉ. सरोज राठौड़ के सहयोग से किया गया।

बीकानेर में छात्राओं के लिए स्टार्टअप एवं इनोवेशन मोटिवेशन सत्र आयोजित
बीकानेर में छात्राओं के लिए स्टार्टअप एवं इनोवेशन मोटिवेशन सत्र आयोजित

सत्र में राजपूत व्यापार विकास मंडल इंटरनेशनल के मुख्य समन्वयक श्री विरल सिंह राओल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी सोच को साकार करने के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का ज्ञान प्राप्त करना आज के समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अब सरस्वती के साथ लक्ष्मी की साधना का समय है। छात्राओं को केवल नौकरी की तलाश करने वाली नहीं, बल्कि भविष्य की सफल बिजनेस वुमन एवं रोजगार सृजक बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। इसके लिए सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, कौशल विकास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति सबसे महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग के प्रवक्ता श्री प्रदीप सिंह चौहान ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने के उद्देश्य से न करें, बल्कि अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का उपयोग कर सफल व्यवसायी बनने तथा अन्य युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित करें।

उन्होंने कहा कि बदलते दौर में युवाओं के लिए रोजगार मांगने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, नए कौशल सीखने और नवाचार के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में छात्रावास अधीक्षक डॉ. सरोज राठौड़ ने अतिथियों एवं सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.