अधिकारियों की लापरवाही से नाल सर्विस रोड के बिजली पोल में दौड़ा करंट, गाय की मौत

ट्रिपल एस ओ न्यूज, नाल, 4 अगस्त। नाल कस्बे की सर्विस रोड के बीच स्थित एक बिजली के पोल में बारिश के दौरान करंट फैलने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

अधिकारियों की लापरवाही से नाल सर्विस रोड के बिजली पोल में दौड़ा करंट, गाय की मौत
अधिकारियों की लापरवाही से नाल सर्विस रोड के बिजली पोल में दौड़ा करंट, गाय की मौत

स्थानीय लोगों के अनुसार सर्विस रोड के बीच लगे बिजली के पोल पर लंबे समय से तार खुले पड़े हैं। मंगलवार को हुई बारिश के दौरान पोल में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि खुले तारों और पोल की खराब स्थिति के बारे में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समय रहते आवश्यक मरम्मत नहीं की गई।

घटना की सूचना मिलने पर नाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सुभाष ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की तथा मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सर्विस रोड के बीच स्थित बिजली के पोल एवं खुले तारों की तत्काल जांच कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जनहानि की आशंका बनी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.