बालिका सैनिक स्कूल जयमलसर की समस्याओं को लेकर अभिभावक एवं संघर्ष समिति ने उठाई आवाज

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 10 अगस्त। बालिका सैनिक स्कूल, जयमलसर में अध्ययनरत छात्राओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा ऑल इंडिया सैनिक स्कूल सोसाइटी के अनुरूप नियम एवं व्यवस्थाएं लागू करने की मांग को लेकर समस्त अभिभावकगण एवं संघर्ष समिति ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है।

बालिका सैनिक स्कूल जयमलसर की समस्याओं को लेकर अभिभावक एवं संघर्ष समिति ने उठाई आवाज
बालिका सैनिक स्कूल जयमलसर की समस्याओं को लेकर अभिभावक एवं संघर्ष समिति ने उठाई आवाज

ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय शुरू हुए करीब 4-5 माह बीत जाने के बावजूद बालिका सैनिक स्कूल के लिए राज्य सरकार द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश एवं स्पष्ट नियम लागू नहीं किए गए हैं। अभिभावकों ने छात्राओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।

समिति ने बताया कि वर्तमान में करीब 80 छात्राओं के लिए मात्र 4 शौचालय एवं 4 स्नानागार उपलब्ध हैं। पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय एवं स्नानागारों की संख्या बढ़ाने के साथ निर्बाध जलापूर्ति की मांग की गई है।

ज्ञापन में गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन, निर्धारित मेन्यू और पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने, परिसर में कैंटीन खोलने, खेल मैदान का समतलीकरण एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है। साथ ही परिसर में सांप, बिच्छू एवं अन्य विषैले जीवों से सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग की गई।

अभिभावकों ने विद्यालय में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा गार्ड, छात्राओं के लिए घर पर बात करने हेतु लैंडलाइन फोन, वार्डन, लाइब्रेरियन, वॉशरमैन एवं स्थायी मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति तथा पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग रखी।

इसके अलावा अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने, आवासीय विद्यालय के अनुरूप स्टाफ की परिसर में उपलब्धता सुनिश्चित करने, आरओ प्लांट लगाने, नियमित PTM, शिकायत एवं सुझाव पेटी स्थापित करने तथा पढ़ाई एवं अवकाश का स्पष्ट टाइम-टेबल जारी करने की मांग की गई है।

समिति ने सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ एवं झुंझुनूं की तर्ज पर छात्राओं को छात्रवृत्ति, डाइट सब्सिडी एवं क्लोथिंग सब्सिडी उपलब्ध करवाने की भी मांग की। साथ ही विद्यालय को CBSE से संबद्ध करने तथा रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल व्यवस्था के अनुरूप संचालित करने की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में विद्यालय की यूनिफॉर्म, भोजन मेन्यू एवं दैनिक दिनचर्या को ऑल इंडिया सैनिक स्कूल के अनुरूप करने तथा प्रधानाचार्य पद पर सैन्य पृष्ठभूमि के वरिष्ठ अधिकारी और ड्रिल/पीटी के लिए अनुभवी पूर्व JCO/NCO अधिकारियों की नियुक्ति की मांग भी शामिल है।

23 अगस्त से सामूहिक अवकाश पर भेजने की चेतावनी

अभिभावक एवं संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अगस्त 2026 तक आवश्यक बजट आवंटन के आदेश तथा 22 अगस्त 2026 तक सैनिक स्कूल की आधिकारिक गाइडलाइंस जारी नहीं की गईं, तो 23 अगस्त 2026 से अभिभावक अपनी बालिकाओं को सामूहिक अवकाश पर घर ले जाने के लिए बाध्य होंगे।

समिति ने स्पष्ट किया कि सैनिक स्कूल की नियमावली लागू होने और छात्राओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पूर्ण रूप से सुनिश्चित होने तक बालिकाओं को पुनः विद्यालय नहीं भेजा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.