ट्रिपल एस ओ न्यूज, श्रीकरणपुर। श्रीगंगानगर से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित गांव 9FA माझीवाला में पाइप के अंदर फंसे ब्लैक कोबरा का भगत सिंह रेस्क्यू टीम श्रीगंगानगर द्वारा सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। सूचना मिलने पर टीम के संस्थापक राजिंदर आलसिखा मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
![]() |
| पाइप में फंसे ब्लैक कोबरा का 8 घंटे बाद सफल रेस्क्यू, राजिंदर आलसिखा ने पूरे किए 200 ब्लैक कोबरा रेस्क्यू |
पाइप के अंदर फंसे ब्लैक कोबरा को बाहर निकालना काफी चुनौतीपूर्ण था। राजिंदर आलसिखा ने पूरी सावधानी और हिम्मत के साथ करीब 8 घंटे तक कड़ी मशक्कत की। लगातार प्रयासों के बाद ब्लैक कोबरा को सुरक्षित तरीके से पाइप से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान 9FA माझीवाला गांव के ग्रामीणों ने भी टीम का सहयोग किया। खास बात यह रही कि 9FA माझीवाला गांव भगत सिंह रेस्क्यू टीम के संस्थापक राजिंदर आलसिखा का अपना गांव भी है।
इस सफल रेस्क्यू के साथ ही राजिंदर आलसिखा ने 200 ब्लैक कोबरा के सफल रेस्क्यू का आंकड़ा पार कर लिया है। भगत सिंह रेस्क्यू टीम श्रीगंगानगर द्वारा लगातार सांपों सहित अन्य बेजुबान जीवों को सुरक्षित बचाने का कार्य किया जा रहा है।
लोगों से अपील
भगत सिंह रेस्क्यू टीम श्रीगंगानगर ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने अथवा नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देकर सुरक्षित रेस्क्यू करवाएं।

