नगरीय निकाय आम चुनाव 2026: बीकानेर नगर निगम सहित सात नगरीय निकायों में आरक्षण की लॉटरी संपन्न

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 17 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संदर्भ में बीकानेर नगर निगम सहित जिले के नोखा, श्रीडूंगरगढ़, कोलायत, नापासर, लूणकरणसर और खाजूवाला नगरपालिका क्षेत्रों के पार्षदों के आरक्षण के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन के निर्देशन एवं मौजूदगी में आयोजित इस प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों के लिए वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया गया।

नगरीय निकाय आम चुनाव 2026: बीकानेर नगर निगम सहित सात नगरीय निकायों में आरक्षण की लॉटरी संपन्न
नगरीय निकाय आम चुनाव 2026: बीकानेर नगर निगम सहित सात नगरीय निकायों में आरक्षण की लॉटरी संपन्न

इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ विधायक श्री ताराचंद सारस्वत, बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, श्री श्याम पंचारिया, श्रीमती सुमन छाजेड़, पूर्व विधायक श्री मंगलाराम गोदारा, श्री मदन मेघवाल, श्री प्रहलाद मार्शल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न वर्गों के लोग मौजूद रहे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू ने उपस्थित लोगों को आरक्षण प्रक्रिया, लॉटरी के नियमों तथा विभिन्न श्रेणियों के लिए निर्धारित सीटों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। आरक्षण की लॉटरी निकालने के लिए दो नन्हीं बच्चियों परिधि और युवानी पड़िहार को अवसर दिया गया। बच्चियों द्वारा लॉटरी निकालने पर उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।

बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों का आरक्षण

नगर निगम बीकानेर के पुनर्गठन एवं पुनर्सीमांकन के बाद सभी 80 वार्डों में नए सिरे से आरक्षण प्रक्रिया अपनाई गई। अनुसूचित जाति की वर्ष 2011 की जनसंख्या के प्रतिशत के आधार पर पहले 9 वार्डों का अनुसूचित जाति के लिए चिन्हीकरण किया गया। इसके बाद अन्य श्रेणियों के लिए निर्धारित संख्या के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई।

नगर निगम के 9 वार्ड अनुसूचित जाति (SC), 16 वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 18 वार्ड सामान्य महिला तथा 37 वार्ड सामान्य श्रेणी के लिए निर्धारित हुए।

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड

SC के लिए आरक्षित 9 वार्ड हैं—4, 5, 9, 16, 33, 45, 48, 71 और 77

इनमें लॉटरी के माध्यम से वार्ड 4, 5 और 33 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किए गए। शेष 9, 16, 45, 48, 71 और 77 SC श्रेणी के लिए निर्धारित हुए।

OBC के लिए 16 वार्ड आरक्षित

अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित 16 वार्ड हैं—1, 3, 7, 10, 15, 20, 21, 29, 34, 36, 39, 44, 46, 49, 53 और 63

इनमें से वार्ड 1, 7, 20, 36 और 49 OBC महिला के लिए आरक्षित किए गए। वहीं 3, 10, 15, 21, 29, 34, 39, 44, 46, 53 और 63 OBC श्रेणी के लिए निर्धारित हुए।

सामान्य महिला के लिए 18 वार्ड

SC और OBC आरक्षण के बाद बचे वार्डों में से 18 वार्ड सामान्य महिला के लिए आरक्षित किए गए। इनमें वार्ड 14, 17, 19, 23, 28, 40, 42, 47, 56, 57, 59, 65, 66, 69, 72, 74, 78 और 79 शामिल हैं।

37 वार्ड सामान्य श्रेणी में

सभी आरक्षण प्रक्रियाओं के बाद नगर निगम के 37 वार्ड सामान्य (अनारक्षित) श्रेणी में रहे। इनमें वार्ड 2, 6, 8, 11, 12, 13, 18, 22, 24, 25, 26, 27, 30, 31, 32, 35, 37, 38, 41, 43, 50, 51, 52, 54, 55, 58, 60, 61, 62, 64, 67, 68, 70, 73, 75, 76 और 80 शामिल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार आरक्षण प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में नए चुनावी समीकरणों के अनुसार रणनीति बनाने में जुटेंगे।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, संबंधित विभागों के कार्मिक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.