ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 1 अगस्त। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को शनिवार को लगभग 163 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
![]() |
| श्रीडूंगरगढ़ को 163 करोड़ की विकास सौगात, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किए लोकार्पण व शिलान्यास |
कार्यक्रम के दौरान श्रीडूंगरगढ़–बिदासर राज्य राजमार्ग (एसएच-93) पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शिलान्यास किया गया। साथ ही नए ग्रिड सब स्टेशनों (जीएसएस), पावर ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि तथा अन्य विद्युत संबंधी विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत सोनियासर शिवदान, डेलवा, धोलिया और लाधड़िया में नवस्थापित स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया गया। वहीं डेलवा में नए ट्यूबवेल का उद्घाटन भी किया गया, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।
ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपनी, बेनीसर, डेलवा, गुसाईसर बड़ा और पुनरासर सहित कई सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इसके अलावा पुनरासर–राजपुरा–सेरूणा–सांवतसर–राजेडू दोहरी लेन सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सेवाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, आवागमन सुगम बनेगा और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
कार्यक्रम में राजस्थान राज्य कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन रामगोपाल सूथार सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

