दूसरे दिन की बारिश ने सूरतगढ़ को किया जलमग्न, बाजार बंद, स्कूल प्रभावित, घरों में घुसा पानी

ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 23 जुलाई (सुभाष सिंह)। सूरतगढ़ में लगातार दूसरे दिन हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुई बारिश के बाद शहर के बाजारों, मुख्य सड़कों और वार्डों की गलियां पानी से लबालब हो गईं। हालात ऐसे बन गए कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया और कई क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा।

दूसरे दिन की बारिश ने सूरतगढ़ को किया जलमग्न, बाजार बंद, स्कूल प्रभावित, घरों में घुसा पानी
दूसरे दिन की बारिश ने सूरतगढ़ को किया जलमग्न, बाजार बंद, स्कूल प्रभावित, घरों में घुसा पानी

मुख्य बाजारों में पानी भर जाने से अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें समय पर नहीं खोल सके, जबकि कई दुकानों को पूरे दिन बंद रखना पड़ा। वार्डों और गलियों में जलभराव के कारण कई स्कूलों में अवकाश घोषित करना पड़ा और बड़ी संख्या में विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके।

नगरपालिका परिसर और उसके बाहर लगातार दूसरे दिन पानी भरा रहने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। नागरिकों का कहना था कि जब स्वयं नगरपालिका परिसर ही पानी में डूबा हुआ है तो शहर की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

हालांकि नगरपालिका प्रशासन ने जल निकासी के लिए कई स्थानों पर पंप लगाए हैं। राठी स्कूल के पास बाजार का पानी निकालने के लिए सीवरेज चैंबर के ढक्कन हटाकर पानी की निकासी का प्रयास किया गया तथा सुरक्षा की दृष्टि से वहां कचरा संग्रहण वाहन खड़े किए गए ताकि लोगों की आवाजाही बनी रहे।

बारिश के कारण पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय और सिटी पुलिस थाने के सामने भी दोनों ओर सड़क पर पानी भर गया। नालों से निकली गंदगी आसपास फैल गई, जिससे पुलिसकर्मियों, थाने में आने वाले लोगों तथा आसपास के व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और सड़क के दोनों किनारे नीचे होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है।

शहर के प्रमुख बड़े नाले भी लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े हैं, जिसके कारण वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। शाम को दोबारा बारिश शुरू होने से जलभराव और बढ़ गया तथा कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया।

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने के लिए प्रभावी कार्य नहीं किए गए, जिसका खामियाजा आज शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

बार-बार हो रही बारिश के बीच सूरतगढ़ की जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है और शहरवासी स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.