डबल इंजन सरकार विकास को उतार रही धरातल पर : श्री सुमित गोदारा

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 30 जुलाई। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को लूणकरनसर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान डांडूसर, जगदेववाला, दाउदसर, लालसर आंकड़ेवाला तथा जामसर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया।

डबल इंजन सरकार विकास को उतार रही धरातल पर : श्री सुमित गोदारा
डबल इंजन सरकार विकास को उतार रही धरातल पर : श्री सुमित गोदारा


इस अवसर पर श्री गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों का परिणाम है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के समग्र विकास के साथ सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी सोच के अनुरूप जामसर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बेहतर सड़क संपर्क, खेल सुविधाओं के विकास तथा सामुदायिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

डांडूसर में 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण के अवसर पर श्री गोदारा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने गांव के निकट ही उपलब्ध हो सकेंगी। इसके बाद जगदेववाला में उप स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी, सार्वजनिक श्मशान भूमि में कमरा निर्माण तथा चारदीवारी विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

दाउदसर में जामसर-दाउदसर सड़क तथा लालसर आंकड़ेवाला में जामसर-लालसर-दाउदसर सड़क के नवीनीकरण कार्यों के लोकार्पण अवसर पर उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होता है। बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी आसान करती हैं।

जामसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, स्टेडियम विकास, ग्राम पंचायत परिसर में मीटिंग हॉल, श्मशान भूमि विकास, सीसी सड़क, विद्यालय एवं स्वास्थ्य केंद्र में हॉल निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर श्री गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विकसित राजस्थान के विजन को साकार करने के लिए गांव-गांव में विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 'विकसित लूणकरणसर, शिक्षित लूणकरणसर' के लक्ष्य को लेकर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। आने वाले समय में भी क्षेत्र की जनआकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा, जिससे प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन स्तर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस दौरान जनप्रतिनिधि, पूर्व सरपंच एवं प्रशासक सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.