एक साल से पेयजल पाइप लाइन लीकेज, लाखों की सड़क हो रही बर्बाद; जलदाय विभाग पर लापरवाही के आरोप

ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 9 जुलाई। जलदाय विभाग की कथित लापरवाही के चलते वार्ड नंबर 37 स्थित अंबेडकर भवन के सामने पिछले लगभग एक वर्ष से पेयजल पाइप लाइन में लगातार लीकेज बनी हुई है। इससे प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है, वहीं लाखों रुपये की लागत से निर्मित सड़क भी लगातार क्षतिग्रस्त होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अंबेडकर भवन की दीवार को भी नुकसान पहुंच सकता है।

एक साल से पेयजल पाइप लाइन लीकेज, लाखों की सड़क हो रही बर्बाद; जलदाय विभाग पर लापरवाही के आरोप
एक साल से पेयजल पाइप लाइन लीकेज, लाखों की सड़क हो रही बर्बाद; जलदाय विभाग पर लापरवाही के आरोप


स्थानीय लोगों के अनुसार इस संबंध में कई बार जलदाय विभाग को शिकायतें दी जा चुकी हैं। वार्ड के पूर्व पार्षद एवं नगर पालिका के पूर्व मनोनीत अध्यक्ष परसराम भाटिया ने भी विभागीय अधिकारियों से कई बार पाइप लाइन की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा नगर पालिका में शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है ताकि आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके। हालांकि स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जलदाय विभाग और विद्युत विभाग की ओर से ऐसे कर्मचारियों को शिविर में बैठाया गया है, जिनके पास निर्णय लेने या शिकायतों का समाधान कराने का अधिकार नहीं है। इससे लोगों की शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है।

गौरतलब है कि अंबेडकर भवन के सामने ही पंचायत समिति कार्यालय स्थित है, जहां नियमित रूप से जनसुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से बनी इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया जाना स्थानीय लोगों में नाराजगी का कारण बना हुआ है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जलदाय विभाग से मांग की है कि पाइप लाइन की लीकेज को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके, सड़क को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके तथा अंबेडकर भवन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.