रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में नई जलापूर्ति पाइपलाइन और अतिरिक्त पानी की टंकी की मांग तेज

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में वर्षों पुरानी और जर्जर जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने विधायक जेठानंद व्यास से मुलाकात कर राज्य सरकार से अनुशंसा करने हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की पुरानी जल पाइप लाइनों को बदलने तथा एक अतिरिक्त स्वच्छ जलाशय (सीडब्ल्यूआर) और पानी की टंकी के निर्माण की मांग की गई।

रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में नई जलापूर्ति पाइपलाइन और अतिरिक्त पानी की टंकी की मांग तेज
रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में नई जलापूर्ति पाइपलाइन और अतिरिक्त पानी की टंकी की मांग तेज


ज्ञापन में बताया गया कि रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में जल वितरण पाइपलाइन करीब 20 से 25 वर्ष पूर्व बिछाई गई थी। समय के साथ सड़कों का स्तर बढ़ने से ये पाइपलाइनें 8 से 10 फीट गहराई में चली गई हैं, जिससे मरम्मत कार्य बेहद कठिन हो गया है। वहीं, पाइपलाइनें पुरानी होने के कारण बार-बार लीकेज की समस्या उत्पन्न होती है और कई बार पेयजल आपूर्ति में दूषित पानी भी मिलने लगता है।

उद्योग संघ के अनुसार रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 200 औद्योगिक इकाइयाँ संचालित हैं, जिनसे जुड़े करीब 10 हजार श्रमिक एवं उनके परिवार निवास करते हैं। पाइपलाइन की खराब स्थिति के कारण इन लोगों को कई बार स्वच्छ पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएँ भी बढ़ रही हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र शहर के विस्तार का हिस्सा बन चुका है और इसके आसपास अनेक नई कॉलोनियाँ विकसित हो गई हैं। इसके बावजूद पिछले दो दशकों से क्षेत्र में नई पानी की टंकी, स्वच्छ जलाशय (CWR) तथा पम्प हाउस का निर्माण नहीं हुआ है। इसके कारण जलापूर्ति का दबाव कम रहता है और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं हो पाता।

उद्योग संघ ने बताया कि रीको द्वारा क्षेत्र में सड़क एवं सीवरेज सुधार कार्यों के लिए करीब 17 करोड़ रुपये की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। ऐसे में सड़क और सीवरेज कार्य शुरू होने से पहले नई जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में नई सड़कों को दोबारा तोड़ने की आवश्यकता न पड़े और सरकारी धन का भी अनावश्यक व्यय न हो।

इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने उद्योग संघ को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे शीघ्र ही संबंधित विभाग के मंत्री से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे का समाधान करवाने का पूरा प्रयास करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.