मुक्ताप्रसाद नगर सीएचसी में आर.एम.आर.एस. बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार व विकास कार्यों पर हुआ मंथन

ट्रिपल एस ओ न्यूज, दिनांक: 03 जुलाई 2026, बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को रोगी कल्याण समिति (आर.एम.आर.एस.) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सा व्यवस्थाओं के विस्तार तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुक्ताप्रसाद नगर सीएचसी में आर.एम.आर.एस. बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार व विकास कार्यों पर हुआ मंथन
मुक्ताप्रसाद नगर सीएचसी में आर.एम.आर.एस. बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार व विकास कार्यों पर हुआ मंथन


संयुक्त निदेशक डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्वच्छता, दवा उपलब्धता, मरीजों की सुविधा तथा चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।

बैठक में भाजपा शहर जिलामहामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा ने मुक्ताप्रसाद क्षेत्र की जनता की ओर से अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित सेवाएं, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण तथा मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, इसलिए यहां आधारभूत सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विकास आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

बैठक के दौरान समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक जनहितैषी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। सभी ने सामूहिक रूप से स्वास्थ्य केंद्र को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने पर सहमति व्यक्त की।

बैठक में डॉ. कल्पना, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शाहिना, पी.सी.पी.एन.डी.टी. प्रकोष्ठ के महेंद्र चारण, समाजसेवी तरुण वर्मा, रमेश गौड़, सत्यप्रकाश खत्री, रितेश सिन्हा, सुरेंद्र गोयल, नागेंद्र शर्मा, सत्यप्रकाश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक का समापन जनसहभागिता के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.