ट्रिपल एस ओ न्यूज, नापासर। बैंक ऑफ बड़ौदा ने बुधवार को नापासर में अपनी नई शाखा का विधिवत शुभारंभ कर क्षेत्र के उद्योग, व्यापार और आमजन को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की बड़ी सौगात दी। बैंक की बीकानेर क्षेत्र की 57वीं शाखा का उद्घाटन बैंक ऑफ बड़ौदा, जोधपुर अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख पंकज खत्री ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर बीकानेर क्षेत्रीय प्रमुख देवेंद्र सिंह राठौड़ तथा उप क्षेत्रीय प्रमुख लोकेश गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
![]() |
| नापासर में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिली आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की सौगात |
नई शाखा का संचालन रीको औद्योगिक क्षेत्र, नापासर स्थित परिसर से किया गया। इस शाखा के खुलने से नापासर कस्बे के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, रीको औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों, गोंद कृषि मंडी के व्यापारियों, किसानों, छोटे व्यवसायियों तथा आम नागरिकों को अब बैंकिंग सेवाओं के लिए बीकानेर या अन्य स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही सभी प्रमुख बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होने से समय और संसाधनों की बचत होगी तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
![]() |
| नापासर में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिली आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की सौगात |
उद्घाटन समारोह में रीको अध्यक्ष किशनलाल मोहता, भामाशाह श्रीकिशन मुंधड़ा, नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी अल्का बुरडक, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि रतिराम तावणिया, भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष जसवंत देया, दामोदर प्रसाद झंवर, अशोक मुंधड़ा, किशनलाल पेड़ीवाल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
![]() |
| नापासर में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिली आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की सौगात |
महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख पंकज खत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा लगातार ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ा रहा है ताकि प्रत्येक व्यक्ति तक आधुनिक और सुरक्षित बैंकिंग सेवाएं पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि बैंक केवल वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि वित्तीय समावेशन, डिजिटल भुगतान, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण और कृषि विकास को भी बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। नई शाखा क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बीकानेर क्षेत्रीय प्रमुख देवेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नई शाखा के माध्यम से ग्राहकों को बचत एवं चालू खाते, सावधि जमा (एफडी), ऋण सुविधाएं, कृषि ऋण, एमएसएमई फाइनेंस, गृह ऋण, वाहन ऋण, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम एवं अन्य आधुनिक बैंकिंग सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
रीको अध्यक्ष किशनलाल मोहता ने कहा कि रीको औद्योगिक क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा खुलना क्षेत्र के उद्योग एवं व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय लेन-देन में सुविधा मिलेगी तथा नए निवेश और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बैंक प्रबंधन को इस पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
शाखा प्रमुख हमिंदर टाक ने बताया कि बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अब रीको औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों, गोंद कृषि मंडी के व्यापारियों तथा आसपास के किसानों को बैंकिंग कार्यों के लिए अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। बैंक ग्राहकों को ऋण, निवेश, बीमा, डिजिटल भुगतान और अन्य वित्तीय सेवाओं का लाभ सरल प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से बैंक की आधुनिक डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नई शाखा शुरू होने से नापासर क्षेत्र में बैंकिंग सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी। किसानों को कृषि संबंधी ऋण, व्यापारियों को व्यवसाय विस्तार के लिए वित्तीय सहायता, महिलाओं को स्वरोजगार योजनाओं तथा युवाओं को विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी।
समारोह के दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन लेन-देन, यूपीआई भुगतान, मोबाइल बैंकिंग एवं इंटरनेट बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा नई शाखा के सफल संचालन की शुभकामनाएं दी गईं।



