अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। जिले के जामसर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। महालक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

जामसर थानाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनील और प्रमोद, दोनों निवासी बिहार, के रूप में हुई है। दोनों शोभासर के निकट स्थित श्रीराम मिल में कार्यरत थे।

पुलिस के अनुसार दोनों युवक सोमवार को किसी कार्य से खारा गए थे। देर रात बाइक से वापस लौटते समय महालक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही जामसर टोल प्लाजा की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, हादसे के बाद टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.