ट्रिपल एस ओ न्यूज, नाल (बीकानेर)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नाल थाना पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| नाल पुलिस का विशेष अभियान: शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई |
नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालान एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान केवल शराब पीकर वाहन चलाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वाले, अवैध रूप से मॉडिफाइड (बंपर/गार्डर लगी) गाड़ियों का संचालन करने वाले तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थानाधिकारी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
नाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, शराब पीकर किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही वाहन के दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस का विश्वास है कि इस विशेष अभियान से आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, जिम्मेदार ड्राइविंग की भावना विकसित होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने में सहायता मिलेगी।

