ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। कोलायत तहसील की ग्राम पंचायत नाइयों की बस्ती में मंगलवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में आयुर्वेद विभाग की पहल से डेंगू रोकथाम को लेकर प्रभावी जनजागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. इरशाद रफीक ने ग्रामीणों को डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के जीवन चक्र, उसके लार्वा की पहचान तथा उसके नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वास्तविक लार्वा का प्रदर्शन कर बताया कि यह मच्छर घरों और आसपास जमा साफ एवं ठहरे पानी में पनपता है तथा समय रहते लार्वा नष्ट कर देने से डेंगू के फैलाव को काफी हद तक रोका जा सकता है।
![]() |
| ग्रामीण सेवा शिविर में डेंगू से बचाव की जानकारी बनी जन-जागरूकता का माध्यम |
शिविर में ग्रामीणों को घर, स्कूल एवं आसपास नियमित सफाई रखने, कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायर, नारियल के खोल, कबाड़ तथा अन्य पात्रों में पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई। साथ ही सप्ताह में एक दिन 'ड्राई डे' मनाने, सभी जल पात्रों को खाली कर साफ एवं सुखाने तथा घरों के आसपास जलभराव नहीं होने देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने डेंगू रोकथाम और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया तथा परिवार और पड़ोस के लोगों तक भी विभाग का संदेश पहुंचाने का भरोसा दिया। इस जागरूकता अभियान से ग्रामीणों में डेंगू की रोकथाम के प्रति समझ विकसित हुई और सामुदायिक सहभागिता को नई मजबूती मिली। यह पहल स्वस्थ, स्वच्छ और सुरक्षित गांव की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी।

