ट्रिपल एस ओ न्यूज, सूरतगढ़, 10 जुलाई। चमत्कारी शिव मंदिर से शुक्रवार को अमरनाथ बाबा के पावन दर्शन के लिए 44 श्रद्धालुओं का जत्था श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। यात्रा का नेतृत्व लकी सिंगला एवं राकेश गौतम ने किया।
![]() |
| हर-हर महादेव के जयघोष के साथ 44 श्रद्धालुओं का अमरनाथ यात्रा के लिए जत्था रवाना |
जत्थे को अतिथि कुंदन लाल सिंगला, अमरनाथ लंगर सेवा समिति के अध्यक्ष उदयराम बनिया, भाजपा नेता मुरलीधर पारीक, समाजसेवी योगेश स्वामी, जगदीश शर्मा, महावीर भोजक एवं भरत मुंदड़ा ने बाबा की ध्वजा लहराकर रवाना किया। इस दौरान "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। डीजे पर बज रहे भोलेनाथ के भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा प्रारंभ की।
रवानगी से पूर्व सभी अमरनाथ यात्रियों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया तथा सामूहिक आरती में भाग लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
तहसील चौराहे पर समाजसेवी योगेश स्वामी एवं महावीर भोजक ने यात्रा संयोजक लकी सिंगला और राकेश गौतम का पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से जनकल्याण, सुख-समृद्धि एवं विश्व शांति की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में इंद्राज सुथार, ओम सोनी, बाबूलाल जांगिड़, मनीष मुंदड़ा, उमेश कुमार मुद्गल सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

