तुम रक्षक काहू को डरना... सामूहिक हनुमान चालीसा आयोजन में उमड़ा आस्था और श्रद्धा का सैलाब

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। वंदे मातरम टीम द्वारा आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा की छठी कड़ी के तहत करणी नगर (लालगढ़) स्थित माताजी मंदिर में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया तथा भक्ति और श्रद्धा का अनुपम वातावरण निर्मित किया।

तुम रक्षक काहू को डरना... सामूहिक हनुमान चालीसा आयोजन में उमड़ा आस्था और श्रद्धा का सैलाब
तुम रक्षक काहू को डरना... सामूहिक हनुमान चालीसा आयोजन में उमड़ा आस्था और श्रद्धा का सैलाब


कार्यक्रम के संयोजक राकेश पाल, संतोष बांठिया, कन्हैयालाल पंवार, गजेंद्र भार्गव एवं श्याम सारड़ा रहे। कार्यक्रम में शिवबाड़ी मठ के अधिष्ठाता एवं महंत स्वामी विमर्शनंद गिरी की विशिष्ट उपस्थिति रही, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे शंख वादक यशविंदर, सुधा आचार्य, संजय पाटिल एवं पुजारी भैरव द्वारा सामूहिक शंखनाद से किया गया। इसके पश्चात स्वामी विमर्शनंद गिरी के सान्निध्य में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ आरंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने तीन बार सामूहिक पाठ एवं एक बार संगीतमय पाठ किया। साथ ही नवीन गोस्वामी एवं आरव गोस्वामी द्वारा प्रस्तुत राम भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

अपने उद्बोधन में स्वामी विमर्शनंद गिरी ने कहा कि हनुमान चालीसा का केवल पाठ ही नहीं, बल्कि उसके भावार्थ को समझना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा ऐसा दिव्य मंत्र है जो बड़े से बड़े संकट को दूर करने की शक्ति रखता है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक विनायक जी ने कहा कि प्रत्येक घर और मोहल्ले में सप्ताह में एक बार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन होना चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटे का ‘मोबाइल उपवास’ रखने का भी आह्वान किया तथा इस जनजागरण अभियान के लिए वंदे मातरम टीम की सराहना की।

इस अवसर पर बेणेश्वर बारी निवासी शांतिलाल भोजक की सुपुत्री इप्सिता शर्मा को बालकों में श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय कंठस्थ करवाने के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें स्वामी विमर्शनंद गिरी एवं विनायक जी द्वारा शॉल, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं श्रीराम दुपट्टा भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। अंत में वंदे मातरम टीम करणी नगर के राकेश पाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वंदे मातरम टीम के जिला संयोजक मुकेश जोशी ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.