ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 23 जून। पंचायत समिति नोखा की ग्राम पंचायत बीकासर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर एक परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। शिविर के दौरान बीजाराम पुत्र खियाराम को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ दिलाते हुए 41 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
![]() |
| ग्रामीण सेवा शिविर में मिली बड़ी राहत, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से स्वीकृत हुई 41 हजार रुपये की सहायता राशि |
बीजाराम को तकनीकी एवं अन्य खामियों के कारण मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था, जिससे उन्हें लंबे समय से इससे वंचित रहना पड़ा। ग्रामीण सेवा शिविर में मामला सामने आने पर शिविर प्रभारी श्री चंद्रशेखर टाक एवं संयुक्त निदेशक श्री लीलाधर पंवार ने तत्परता से संज्ञान लिया।
अधिकारियों ने आवेदन में मौजूद खामियों को दूर करवाते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से समन्वय स्थापित किया। आवश्यक कार्यवाही पूरी होने के बाद लाभार्थी के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 41 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करवाई गई।
शिविर में मौके पर ही कार्य पूर्ण होने से लाभार्थी को तत्काल राहत मिली। योजना का लाभ मिलने पर लाभार्थी ने राज्य सरकार और शिविर प्रशासन का आभार व्यक्त किया। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में यह एक सफल उदाहरण बना।

