भीषण गर्मी में पेयजल संकट पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, PHED के JEN का घेराव

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 19 मई। भीषण गर्मी के बीच सुजानदेसर, खुद खुदा डेरा, सलागनाथ जी का डेरा और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने से वार्डवासियों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। क्षेत्र में विकास कार्यों के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन कट जाने से कई दिनों से जलापूर्ति ठप पड़ी है, जिससे हजारों लोग पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं।

भीषण गर्मी में पेयजल संकट पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, PHED के JEN का घेराव
भीषण गर्मी में पेयजल संकट पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, PHED के JEN का घेराव


समस्या से परेशान लोगों ने जलदाय विभाग (PHED) के JEN अजय कुमार चौधरी का घेराव कर जल्द समाधान की मांग की। इससे पहले क्षेत्रवासियों और प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें भाजपा शहर जिला महामंत्री एवं पूर्व उपमहापौर राजेंद्र पंवार और गोपेश्वर मंडल अध्यक्ष प्रेम गहलोत ने प्रशासन व ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के मुख्य पाइपलाइन काट देना जनता के साथ अन्याय है। भीषण गर्मी में हजारों परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं और निजी टैंकरों पर अतिरिक्त खर्च उठाने को मजबूर हैं।

किसान मोर्चा जिला मंत्री नेमीचंद गहलोत ने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों के नाम पर जनता को प्यासा रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पाइपलाइन मरम्मत में देरी को विभागीय लापरवाही बताया।

मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक जेठानन्द व्यास ने भी अधिकारियों को जल्द जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।

प्रतिनिधिमंडल ने JEN अजय कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख मांगें रखीं —

  • कटी हुई मुख्य पाइपलाइन को युद्धस्तर पर जोड़कर नियमित जलापूर्ति शुरू की जाए।

  • मरम्मत पूरी होने तक प्रभावित क्षेत्रों में निशुल्क पानी के टैंकर भेजे जाएं।

  • लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

JEN अजय कुमार चौधरी ने आश्वासन दिया कि विभाग जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर सुचारू जलापूर्ति बहाल करेगा।

वहीं क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 से 48 घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आमजन और मातृशक्ति के साथ जलदाय विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

इस दौरान मुकेश बन, गोपीकिशन गहलोत, दीपक गहलोत, शिव गहलोत, पवन सांखला सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.