निशुल्क एक्यूप्रेशर सुजोक प्रशिक्षण शिविर का समापन, 147 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया लाभ

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 17 मई 2026। श्री मोहता चिकित्सालय ट्रस्ट, बीकानेर एवं जय भगवान एक्यूप्रेशर सर्विस (अंतरराष्ट्रीय), मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय निशुल्क एक्यूप्रेशर सुजोक एवं वैकल्पिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हुआ। शिविर में बीकानेर एवं आसपास क्षेत्र के 147 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य एवं वैकल्पिक चिकित्सा संबंधी उपयोगी जानकारी प्राप्त की।

निशुल्क एक्यूप्रेशर सुजोक प्रशिक्षण शिविर का समापन, 147 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया लाभ
निशुल्क एक्यूप्रेशर सुजोक प्रशिक्षण शिविर का समापन, 147 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया लाभ


समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने कहा कि वर्तमान समय में चिकित्सा से संबंधित निशुल्क शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों ने एक्यूप्रेशर पद्धति से चिकित्सा क्षेत्र की उपयोगी विद्या सीखी है, जो परिवार एवं समाज के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

विशिष्ट अतिथि पूर्व सहायक निदेशक एवं औषध निरीक्षक, आयुर्वेद विभाग बीकानेर सुरेश सैनी ने कहा कि आयुर्वेद विभाग द्वारा इस प्रकार के शिविरों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा प्राथमिक उपचार के क्षेत्र में आमजन आत्मनिर्भर बनता है। उन्होंने शिविर के प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदना से हुई, जिसके पश्चात श्री मोहता चिकित्सालय ट्रस्ट के ट्रस्टी शशि कुमार मोहता एवं वीरेंद्र कुमार मोहता ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

श्री मोहता चिकित्सालय ट्रस्ट के औषधि निर्माण प्रबंधक राजेंद्र गर्ग ने बताया कि सात दिवसीय शिविर में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने नियमित उपस्थिति दर्ज कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों को संस्थाओं की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने ट्रस्ट एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.