भारतीय नववर्ष पर बीकानेर में निकलेगी भव्य धर्मयात्रा, बस्तियों में बैठकों व जनसंपर्क से तैयारियाँ तेज

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च 2026) के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य धर्मयात्रा और महाआरती को लेकर बीकानेर में व्यापक तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। भारतीय नववर्ष समारोह समिति द्वारा इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों और जनसंपर्क अभियान का दौर तेज कर दिया गया है।

भारतीय नववर्ष पर बीकानेर में निकलेगी भव्य धर्मयात्रा, बस्तियों में बैठकों व जनसंपर्क से तैयारियाँ तेज
भारतीय नववर्ष पर बीकानेर में निकलेगी भव्य धर्मयात्रा, बस्तियों में बैठकों व जनसंपर्क से तैयारियाँ तेज


समिति के कार्यकर्ताओं ने स्वर्ण जयंती नगर, शिवा बस्ती (नोखा रोड) और विनोबा बस्ती सहित कई क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर लोगों को धर्मयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

समिति के महामंत्री नवीन सिंह तंवर ने जनसंवाद के दौरान कहा कि भारतीय संस्कृति की विश्वभर में विशिष्ट पहचान है और हमारे सभी पर्व वैज्ञानिक आधार पर तिथियों के अनुसार मनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा ही भारतीय संस्कृति का वास्तविक नववर्ष है। इस अवसर पर उन्होंने बीकानेर के प्रत्येक हिंदू परिवार से अपील की कि 19 मार्च को निकलने वाली भव्य धर्मयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक विरासत का गौरव बढ़ाएं।

नोखा रोड स्थित शिवा बस्ती में क्षत्रिय माली समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें समाज की महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के प्रत्येक घर तक पहुंचकर धर्मयात्रा में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर मनोज तंवर, पुनीता तंवर, मधु तंवर, छवि तंवर, विनय तंवर, पप्पू डूडी, विकास जोशी और डॉ. जितेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसी क्रम में स्वर्ण जयंती नगर स्थित मंदिर परिसर में भी बैठक आयोजित कर आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। यहाँ धीरज स्वामी और धर्मेंद्र शर्मा सहित कार्यकर्ताओं ने प्रचार सामग्री के माध्यम से अभियान को गति देने का संकल्प लिया।

वहीं विनोबा बस्ती में भी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जहाँ रामजी, दीपक, आकाश, मोहित, अमरराम और रामकिशन ने क्षेत्रवासियों से संपर्क कर उन्हें सपरिवार धर्मयात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

समिति का कहना है कि भारतीय नववर्ष के अवसर पर आयोजित यह धर्मयात्रा और महाआरती बीकानेर में सांस्कृतिक एकता और परंपरा का भव्य प्रतीक बनेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.