सुभाषपुरा महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया गणगौर महोत्सव, पारंपरिक गीत-नृत्य से सजी शाम

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर राजस्थान की समृद्ध लोक परंपरा और महिलाओं के प्रमुख पर्व गणगौर महोत्सव को सुभाषपुरा महिला मंडल द्वारा हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल से जुड़ी करीब 50 महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा धारण कर कार्यक्रम में भाग लिया और उत्सव की रंगत को और भी बढ़ा दिया।

सुभाषपुरा महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया गणगौर महोत्सव, पारंपरिक गीत-नृत्य से सजी शाम
सुभाषपुरा महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया गणगौर महोत्सव, पारंपरिक गीत-नृत्य से सजी शाम


कार्यक्रम की संचालिका पंकज चौहान ने बताया कि गणगौर पर्व महिलाओं के लिए आस्था, संस्कृति और पारंपरिक लोकजीवन का प्रतीक है। इसी भावना के साथ आयोजित इस महोत्सव में महिलाओं ने गणगौर के पारंपरिक गीत गाए तथा सामूहिक रूप से लोकनृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक और जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंडल की सदस्य कमल कौर, पल्लवी सिंह, कपिला सारस्वत, गुनगुन, किरण टेलर, दिव्या शेखावत, किरण शर्मा, ट्विंकल पंवार, रीना सिंह, वसुंधरा चौहान, रुक्मणी सारस्वत, कंचन चौहान, कनक चौहान और ममता चौहान ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित महिलाओं का मन मोह लिया और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।

महोत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए गणगौर माता की पूजा-अर्चना की तथा लोकगीतों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। कार्यक्रम में महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द, उत्साह और सांस्कृतिक एकता का विशेष माहौल देखने को मिला।

समारोह के अंत में मंडल की वरिष्ठ सदस्य चरणजीत कौर ने सभी गवरजाओं का खोल भरकर इस आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर संचालिका दिव्या शेखावत ने सभी मंडल सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर उपस्थित सभी महिलाओं ने गणगौर महोत्सव को उल्लास, परंपरा और आपसी भाईचारे के साथ मनाते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.