ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध बीकानेर में फाल्गुन माह की रंगत इन दिनों चरम पर है। इसी क्रम में हनुमान हत्था क्षेत्र में श्याम भक्तों द्वारा आयोजित भगवान खाटू श्याम मंदिर के आराध्य श्याम बाबा का 11वां फाग उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे पंडाल में “गर जोर मेरो चाले, हीरा मोत्या से नजर उतार दयू…” जैसे भजनों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बन गया।
![]() |
| श्याम बाबा का 11वां फाग उत्सव धूमधाम से संपन्न, भक्ति और रंगों में झूमा बीकानेर |
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना और ज्योत प्रज्ज्वलन से हुई। बाबा का अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सोने-चांदी के आभूषण, रंग-बिरंगे पुष्प और विशेष सजावट से सजे दरबार को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
फतेहपुर शेखावाटी से आए कलाकारों ने राजस्थानी वाद्य चंग की थाप पर धमाल मचाते हुए फागोत्सव की परंपरा को जीवंत कर दिया। चंग की ताल पर महिला-पुरुष श्रद्धालु नृत्य में झूम उठे और पूरा परिसर “श्याम नाम” से गूंजायमान हो गया।
भजन संध्या में मयंक शर्मा, कमलेश शर्मा, पिंकी सोलंकी, अंकिता शर्मा एवं गोविंद सहल ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके सुरों ने ऐसा समां बांधा कि अनेक भक्तों की आंखों से श्रद्धा के अश्रु बह निकले और पूरा पंडाल भक्ति रस में डूब गया।
इस अवसर पर बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इत्र वर्षा, फूलों की होली और अलौकिक सजावट ने उत्सव की शोभा में चार चांद लगा दिए। श्रद्धालुओं ने दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन की बधाई दी।
फागोत्सव के इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि बीकानेर की धरती पर श्याम भक्ति की धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है।

