ट्रिपल एस ओ न्यूज नाल। एयरपोर्ट चमत्कारी बालाजी मंदिर के समीप स्थित बद्री प्रसाद जी की ढाणी खेल मैदान, नाल में भारत क्रिकेट लीग ग्रामीण व शहरी क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं ग्रामीणों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन थाना अधिकारी विकास बिश्नोई द्वारा रिबन काटकर किया गया, जिसके साथ ही पूरे मैदान में तालियों की गूंज और खिलाड़ियों का जोश देखते ही बनता था।
![]() |
| भारत क्रिकेट लीग ग्रामीण व शहरी टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन |
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए थाना अधिकारी विकास बिश्नोई ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मोबाइल और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया। टूर्नामेंट में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की कई टीमों ने भाग लिया है, जिससे क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट के मुकाबले तय कार्यक्रम के अनुसार खेले जाएंगे, जिनमें विजेता व उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में गांव के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें लालचंद मत्तड़, नीलकमल वेद, मोहनलाल, मनोज, राजकुमार, श्यामदास, घनश्याम रामावत एवं राजेश रामावत प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की और टूर्नामेंट की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी युवाओं के बीच आपसी समन्वय, भाईचारा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूती मिलेगी। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

