ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। शहर के केवी लाइब्रेरी के सामने स्थित प्राचीन क्षेत्रपाल भैरू जी मंदिर में चोरी की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने मंदिर में विराजित भैरू जी महाराज के मुख में लगी चांदी की कटोरी को निकालकर चोरी कर लिया। यह घटना न केवल आस्था पर चोट है, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
![]() |
| बीकानेर: क्षेत्रपाल भैरू मंदिर में चोरी से श्रद्धालुओं में आक्रोश, चांदी की कटोरी लेकर फरार हुए चोर |
मंदिर के पुजारी कमल किराडू ने बताया कि जब वे सुबह मंदिर पहुंचे तो भगवान के श्रृंगार में लगी चांदी की कटोरी गायब थी। तुरंत ही आसपास के लोगों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही केवी लाइब्रेरी के संयोजक संतोष पुरोहित, गिरधर जोशी, मोहल्ले के कई वरिष्ठ नागरिक तथा एसबीआई से सेवानिवृत्त माधोदास हर्ष मौके पर पहुंचे।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। देर रात्रि नशे की हालत में घूमने वाले असामाजिक तत्व मोटरसाइकिलों और कारों की बैटरियां, पार्ट्स एवं अन्य सामान चोरी कर ले जाते हैं। नागरिकों का कहना है कि इन घटनाओं के पीछे नशेड़ी गिरोह सक्रिय हैं, जिन पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब अब भगवान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। चोरी की इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है और क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही नया शहर थाने की थाना प्रभारी कविता पुनिया ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने पुजारी व स्थानीय नागरिकों से घटना की जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए, नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

