ट्रिपल एस ओ न्यूज बीकानेर। भारत में सेना दिवस प्रत्येक वर्ष 15 जनवरी को मनाया जाता है। यह तिथि भारतीय सैन्य इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण और महत्वपूर्ण मानी जाती है। 15 जनवरी 1949 को लेफ्टिनेंट जनरल के. एम. करिअप्पा ने स्वतंत्र भारत के प्रथम भारतीय कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इससे पूर्व भारतीय सेना का नेतृत्व ब्रिटिश अधिकारियों के हाथों में था।
![]() |
“सेना दिवस शौर्य, सेवा और समर्पण का राष्ट्रीय उत्सव है” |
78वें भारतीय सेना दिवस समारोह के अवसर पर गौरव सेनानी एसोसिएशन बीकाणा के अध्यक्ष कर्नल हेमसिंह सिंह शेखावत (सेना मेडल) ने अपने उद्बोधन में सेना के शौर्य, अनुशासन, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कर्नल यश राठौड़, कर्नल मोहन सिंह धूपालिया, कर्नल राजेंद्र सिंह बीका, कैप्टन प्रभु सिंह काली पहाड़ी, कर्नल देवी सिंह बीका, सूबेदार मेजर गोविंद सिंह भाटी, माधो सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, सुषमा बिस्सा, डॉ. पूजा मोहता, डॉ. हैदर बेग, किशन सिंह शेखावत, कर्नल महेंद्र सिंह चौधरी, सूबेदार मेजर गोविंद सिंह, सूबेदार मेजर गजेंद्र सिंह राठौड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने संबोधन किया।
समारोह में सभी गौरव सेनानी, सैन्य अधिकारी, सैनिक, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधि एवं बीकानेर के गणमान्य नागरिकों ने स्थानीय जिलाधीश कार्यालय के सामने से जूनागढ़ के बैंड के साथ रैली के रूप में प्रस्थान कर वार मेमोरियल टावर पहुंचकर सभा में भाग लिया।
कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाते हुए बीकानेर के प्रतिष्ठित कलाकार श्रीमती गोपी का सोनी, श्री ललित मोहन शर्मा, कौशल किशोर शर्मा, दुर्गेश पवार, धीरज राकाँ, शुभेंदु अग्निहोत्री एवं मोहम्मद रफीक कादरी ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
समारोह के दौरान शहीद सैन्य अधिकारियों के परिजनों को मंच पर आमंत्रित कर गौरव सेनानियों द्वारा उनका सम्मान किया गया। सम्मानित शहीद परिवारों में सूबेदार सज्जन सिंह यादव की पत्नी कौशल्या देवी, शहीद मेजर पूर्ण सिंह के पुत्र रणजीत सिंह बीका, अंडर ऑफिसर मोहित स्वामी, युवराज गहलोत, सार्जेंट बबली दास गुप्ता एवं नैंसी पांडे शामिल रहे।
इस अवसर पर हिमालय परिवार की ओर से नरेश अग्रवाल, दिनेश माहेश्वरी, सत्येंद्र गुप्ता, कविता यादव, मीनू सोनी तथा जनप्रतिनिधियों में पार्षद संजय गुप्ता, आवर फॉर नेशन के शक्ति सिंह सेरूणा, राजेंद्र सिंह भाटी, वीरेंद्र सिंह नरूका सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन समारोह समन्वयक प्रदीप सिंह चौहान ने किया। अंत में कैप्टन प्रभु सिंह काली पहाड़ी ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया।

