ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय, शीतला गेट, बीकानेर में स्काउट-गाइड एवं करूणा क्लब टीम के संयुक्त तत्वावधान में आज 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करूणा क्लब बीकानेर केन्द्र के शिक्षा अधिकारी श्री घनश्याम साध रहे।
![]() |
| स्काउट-गाइड व करूणा क्लब ने मनाया वीर बाल दिवस |
इस अवसर पर संस्था के कब मास्टर श्री रमेश कुमार मोदी ने बताया कि वीर बाल दिवस प्रतिवर्ष 26 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों—बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह—की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने 26 दिसंबर 1704 को धर्म एवं सत्य की रक्षा हेतु अपने प्राणों का बलिदान दिया।
संस्था प्रधान श्री हनुमान छींपा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 9 जनवरी 2022 को गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। तभी से यह दिवस पूरे देश में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में शाला की अध्यापिका श्रीमती नीतू ने सिख धर्म की महान परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए साहिबजादों की शहादत का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि साहिबजादों के साथ उनकी दादी माता गुजरी जी ने भी अत्यंत कठिन परिस्थितियों में बलिदान दिया।
इस अवसर पर विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रद्युम्न दैया एवं खेमचंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गाइड खुशबू गोदारा एवं मानवी सोलंकी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए वीर बाल दिवस से प्रेरणा लेकर सच्चे, साहसी एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि श्री घनश्याम साध ने अपने उद्बोधन में सनातन धर्म एवं सिख समुदाय के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धर्म की रक्षा के लिए गुरु गोबिंद सिंह जी के पूरे परिवार ने अद्वितीय बलिदान दिया, जिसे कोटि-कोटि नमन है।
शाला के करूणा क्लब प्रभारी श्री सौरभ बजाज ने बताया कि वीर बाल दिवस गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों की वीरता और बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। इसी भावना के अंतर्गत देश में होनहार बालक-बालिकाओं को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

