गणित दिवस पर वेद एकेडमी में शैक्षणिक गतिविधियों की धूम

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। रिपोर्ट: भैराराम तर्ड

बीकानेर। लूणकरणसर स्थित वेद एकेडमी में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को विकसित करने हेतु विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गणित विषय के प्रति विद्यार्थियों में रुचि जागृत करना एवं इसे सरल, उपयोगी और रोचक बनाना रहा।

गणित दिवस पर वेद एकेडमी में शैक्षणिक गतिविधियों की धूम
गणित दिवस पर वेद एकेडमी में शैक्षणिक गतिविधियों की धूम

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा गणितीय सूत्रों, ज्यामितीय आकृतियों, दैनिक जीवन में गणित के उपयोग तथा रोचक पहेलियों पर आधारित मॉडल एवं चार्ट प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडल की जानकारी दी, जिसे उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने सराहा।

कार्यक्रम में गणित अध्यापक श्री सूर्य प्रकाश, श्री नवीन शर्मा एवं श्री पंकज शर्मा ने महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन चरित्र, उनकी खोजों एवं गणित के क्षेत्र में दिए गए अद्वितीय योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद रामानुजन ने अपनी प्रतिभा के बल पर विश्वभर में भारत का नाम रोशन किया।

संस्था निदेशक श्री शीशराम जाखड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणित केवल अंकों का विषय नहीं है, बल्कि यह तार्किक सोच, समस्या समाधान और निर्णय क्षमता को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास और नवाचार की भावना के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-विजुअल एड्स, प्रेजेंटेशन एवं शैक्षणिक वीडियो के माध्यम से आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रदर्शन किया गया, जिससे विद्यार्थियों ने विषय को और अधिक प्रभावी ढंग से समझा। साथ ही प्रश्नोत्तरी, गणितीय क्विज एवं प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर पारितोषिक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.