क्षत्रिय सभा बिदासर हाउस में 25 दिसंबर से सर्व समाज हेतु विशाल आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर

ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर। क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग की ओर से शीतकालीन अवकाश के अवसर पर समाजहित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सर्व समाज के लिए विशाल आत्मरक्षा एवं साफा बांधने का प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 25 दिसंबर 2025 से क्षत्रिय सभा बिदासर हाउस परिसर में प्रारंभ होगा, जिसमें महिला, पुरुष, युवा एवं छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे।

क्षत्रिय सभा बिदासर हाउस में 25 दिसंबर से सर्व समाज हेतु विशाल आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर
क्षत्रिय सभा बिदासर हाउस में 25 दिसंबर से सर्व समाज हेतु विशाल आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर


सभा के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने बताया कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गत वर्षों में लगाए गए ऐसे प्रशिक्षण शिविरों को समाज का अत्यंत सकारात्मक प्रतिसाद मिला, जिससे प्रेरित होकर इस वर्ष शीतकालीन अवकाश में पुनः इस व्यापक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य समाज में आत्मविश्वास, सुरक्षा जागरूकता तथा सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।

सभा के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का संचालन मानव अधिकार सामाजिक कल्याण संघ द्वारा किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में संघ की उषा कंवर एवं उनकी अनुभवी टीम द्वारा प्रतिभागियों को आत्मरक्षा की आधुनिक एवं व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जोधपुर से आमंत्रित मंजू राठौड़, साथ ही राजस्थान पुलिस के दक्ष प्रशिक्षक भी प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाएंगे, जिनमें आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा, मानसिक सतर्कता एवं व्यवहारिक उपाय शामिल होंगे।

इसके साथ ही शिविर में राजस्थानी संस्कृति की पहचान माने जाने वाले साफा बांधने का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण संदीप सिंह राठौड़ के नेतृत्व में “रजवाड़ी ग्रुप” की टीम द्वारा प्रदान किया जाएगा। साफा प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों को अपने साथ एक साफा लाना अनिवार्य रहेगा, जबकि आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु आवश्यक समस्त सामग्री आयोजकों द्वारा शिविर स्थल पर ही उपलब्ध करवाई जाएगी।

इस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 25 दिसंबर 2025 को प्रातः 10 बजे किया जाएगा, जिसमें समाज के गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति द्वारा अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर में सहभागिता कर लाभ उठाने की अपील की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.