ट्रिपल एस ओ न्यूज, बीकानेर, 11 नवम्बर। सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों को राहत देने के उद्देश्य से गोमा देवी चेरिटेबल ट्रस्ट, रोटरी रॉयल्स एवं मारवाड़ जन सेवा समिति द्वारा पीबीएम अस्पताल परिसर में रैन बसेरा सुविधा की शुरुआत की गई। चार माह तक संचालित होने वाले इस शिविर का शुभारंभ तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग, एसपीएमसी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा और पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने संयुक्त रूप से किया।
![]() |
| सैकड़ो जरूरतमंदों को राहत देगा पीबीएम का रैन बसेरा – कुलगुरु प्रो. गर्ग, प्राचार्य डॉ. वर्मा, अधीक्षक डॉ. घीया |
शुभारंभ अवसर पर तीनों अतिथियों ने कहा कि यह रैन बसेरा सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो सर्द रातों में सैकड़ों जरूरतमंदों को राहत देगा। उन्होंने कहा कि पीबीएम अस्पताल में दूरदराज़ से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए यह व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित होगी। आयोजकों की यह पहल बीकानेर की सेवा भावना का सच्चा परिचायक है।
शिविर के दौरान चाय, नाश्ता, बिस्किट और गर्म पानी जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे ठंड के दिनों में लोगों को विशेष राहत मिलेगी।
गोमा देवी ट्रस्ट और रोटरी रॉयल्स के अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि अतिथियों ने रैन बसेरे का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा पूरे परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा, विद्युत, साफ-सफाई, कैमरा निगरानी, रजिस्टर प्रविष्टि जैसी व्यवस्थाओं की सराहना की। साथ ही शिविर परिसर में स्थापित मंदिर में पुष्प अर्पित कर आयोजकों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी।
मारवाड़ जन सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश व्यास ने बताया कि नगर निगम के सहयोग से संचालित इस शिविर में करीब 400 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। सभी के लिए रजाई, बिस्तर और तकिया निशुल्क उपलब्ध रहेगा।
रोटरी क्लब के सचिव रोटे विपिन लड्ढा ने बताया कि रैन बसेरे में रात बिताने के लिए आधार कार्ड आवश्यक होगा। किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और चार माह तक यह सुविधा नियमित रूप से चलेगी।
शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पूर्व सह प्रांतपाल डॉ. मनोज कुड़ी, कोषाध्यक्ष जगदीप ओबेरॉय, सीएस नितेश रंगा, हरदीप सिंह, ऋषभ जैन, अंकुश चमड़िया, श्याम बन, तथा मारवाड़ जन सेवा समिति के मुनीराम, चंदन ठाकुर, महेंद्र चांवरिया, संजय चांवरिया और विनोद पांडे उपस्थित रहे।

